शादी के जोड़े में ही कोरोना पॉजिटिव दुल्हन का हुआ अंतिम संस्कार, दूल्हे की हालत बहुत खराब

शोभित अपनी नई-नवेली दुल्हन रूबी की तीमारदारी में लगा था, इसलिए उसे भी बुखार और सांस लेने की तकलीफ होने लगी, अब उसकी भी हालत बहुत क्रिटिकल बनी हुई है...

Update: 2021-05-12 05:16 GMT

जनज्वार। कोरोना अब तक कई परिवारों को समूल नष्ट कर चुका है, तो कई की जिंदगियां तबाह कर दी हैं। इस बीच शादी करने वाले कई नये-नवेले जोड़े भी कोरोना पॉजिटिव होने के बाद दुनिया को अलविदा कह चुके हैं, तो कई जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

अब उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी जनपद स्थित खमरिया-खीरी में भी नये-नवेले जोड़े की जिंदगी उजड़ने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक पिछले 30 अप्रैल को शोभित और रूबी की शादी हुयी थी। ससुराल पहुंचते ही दुल्हन रूबी को तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ होने लगी तो शोभित के परिवार ने दुल्हन को अस्पताल में भर्ती कराया। 10 दिनों तक अस्पताल में बहुत गंभीर हालत में रहने के बाद रूबी ने जिंदगी को अलविदा कह दिया। अब दूल्हा शोभित भी जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है, उसकी हालत बहुत गंभीर बनी हुयी है। शादी इस जोड़े के लिए जिंदगी का सौदा बन गया।

मीडिया में आई जानकारी के मुताबिक लखीमपुर-खीरी के खमरिया क्षेत्र के ईशवारा गांव के महेंद्र कटियार के बेटे शोभित कटियार की बारात 30 अप्रैल को क्षेत्र के चकई गांव निवासी कामनाथ वर्मा के घर गई थी। एक मई को शोभित अपनी दुल्हन रूबी को विदा कराकर अपने घर ले लाया।

विदाई वाले दिन ही ससुराल पहुंचते-पहुंचते रूबी को तेज बुखार हो गया और सांस लेने में बहुत तकलीफ होने लगी। हालत बिगड़ती देख शोभित और उसके परिजनों ने रूबी को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया, जहां 10 दिनों तक रूबी बजाय ठीक होने के दिन-ब-दिन और ​बुरी स्थिति में पहुंच गयी। कहा जा रहा है कि रूबी को दवा और ऑक्सीजन भी ठीक से नहीं मिल पायी, और नई नवेली दुल्हन अपनी जिंदगी शुरू करने से पहले ही जंग हार गयी।

परिजनों का कहना है कि शोभित की भी हालत गम्भीर बनी हुई है। शोभित अपनी नई-नवेली दुल्हन रूबी की तीमारदारी में लगा था, इसलिए उसे भी बुखार और सांस लेने की तकलीफ होने लगी।

Tags:    

Similar News