यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 18 IAS अधिकारियों के तबादले, तीन जिलों को मिले नए डीएम

किरण आनंद को गोरखपुर का डीएम बनाया गया है जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गढ़ माना जाता है। इसके अलावा अलीगढ़ शराब कांड के काफी समय बाद वहां के डीएम को हटाकर मुजफ्फरनगर का डीएम बनाया गया है....

Update: 2021-07-26 05:00 GMT

(यूपी में रविवार की देर रात 18 आईएएस अधिकारियों के तबादले)

जन्वार डेस्क। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। रविवार की देर रात 18 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं, वहीं तीन जिलों अलीगढ़, मुजफ्फरनगर और गोरखपुर में नए डीएम बनाए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक किरण आनंद को गोरखपुर का डीएम बनाया गया है जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गढ़ माना जाता है। इसके अलावा अलीगढ़ शराब कांड के काफी समय बाद वहां के डीएम को हटाकर मुजफ्फरनगर का डीएम बनाया गया है। वहीं अभिषेक प्रकाश से लखनऊ विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। वह लखनऊ के डीएम पद पर बने रहेंगे।

इसके अलावा गोरखपुर के डीएम रहे के विजयेंद्र पांडियन को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है। एवी राजमौलि को सहारनपुर मंडलायुक्त से खाद्य रसद आयुक्त के पद पर भेजा गया है। केंद्रीय प्रतिनियुक्त से लौटे लोकेश एम को सहारनपुर का मंडलायुक्त बनाया गया है। खाद्य आयुक्त मनीष चौहान को सचिव औद्योगिक विकास बनाया गया है।

सेल्वा कुमारी जे को अलीगढ़ का डीएम बनाया गया है। अलीगढ़ के डीएम चंद्रभूषण सिंह को मुजफ्फरनगर का डीएम बनाया गया है। अरविंद सिंह मुख्य विकास अधिकारी लखीमपुर को कानपुर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है।

मधुसूदन नागराज हुगली को सीडीओ वाराणसी से मुरादाबाद विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष के पद पर भेजा गया है। गौरंग राठी नगर आयुक्त नगर निगम वाराणसी को अलीगढ़ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। शिवशरंप्पा जीएन सीडीओ देवरिया को कानपुर नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है।

आशीष कुमार गोरखपुर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष से सहारनपुर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। प्रेम रंजन सिंह सहारनपुर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष से गोरखपुर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष और अरविंद कुमार चौहान सचिव उप्र भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड से प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। 

Tags:    

Similar News