मशहूर बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई के अपने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या

अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि आखिर उन्होंने इतना घातक कदम क्यों उठाया। सुशांत बॉलीवुड के बेहद लोकप्रिय हीरो थे। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत बतौर टीवी एक्टर की थी...

Update: 2020-06-14 09:29 GMT

जनज्वार। पहले से ही कोरोना महामारी की त्रासदी झेल रही दुनिया से इस बीच एक से एक बुरी खबर आ रही है। बॉलीवुड की भी कोरोना लॉकडाउन के बाद एक से एक बुरी खबरें आयी हैं।

अब आज एक और चौकाने वाली खबर सामने आयी है। टीवी की दुनिया से बॉलीवुड में छा जाने वाले एमएस धोनी फेम एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने आज 14 जून को अपने मुंबई स्थित घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि आखिर उन्होंने इतना घातक कदम क्यों उठाया। सुशांत बॉलीवुड के बेहद लोकप्रिय हीरो थे। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत बतौर टीवी एक्टर की थी।

सुशांत ने सबसे पहले 'किस देश में है मेरा दिल' नाम के धारावाहिक में काम किया था, पर उन्हें पहचान एकता कपूर के धारावाहिक पवित्र रिश्ता से मिली। इसके बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया में एंट्री ली थी। फिल्म काय पो छे में लीड एक्टर के तौर पर नजर आए थे, और उनके अभिनय की खूब तारीफ भी हुई थी। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

इसके बाद वो शुद्ध देसी रोमांस में वाणी कपूर और परिणीति चोपड़ा के साथ दिखे। हालांकि उन्होंने सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी का किरदार निभा कर बटोरी थी। ये सुशांत के करियर की पहली फिल्म थी, जिसने सौ करोड़ का कलेक्शन किया था। सुशांत इसके अलावा फिल्म सोनचिड़िया और छिछोरे जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। उनकी आखिरी फिल्म केदारनाथ थी, जिसमें वे सारा अली खान के अपोजिट नजर आये थे।

कोरोना महामारी के बीच हुए लॉकडाउन के बीच बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकारों ने इस दुनिया को अलविदा कहा है। अप्रैल के महीने में इरफान खान और ऋषि कपूर जैसे चर्चित कलाकारों का निधन हुआ था, वहीं हाल ही में सिंगर और म्यूजिक कंपोजर वाजिद खान का 42 साल की उम्र में निधन हो गया था। अब उसके बाद सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या की खबर ने सबको चौंकाकर रख दिया है।

अभी कुछ दिन पहले ही सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान ने भी एक बहुमंजिला इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के समय दिशा के साथ उनका एक करीबी दोस्त मौजूद था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।  

फेसबुक पर सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए शरद प्रताप सिंह लिखते हैं, 'MS धोनी फ़िल्म में कभी न भूलने वाले माही के किरदार वाले "सुशांत सिंह राजपूत" अब हमारे बीच नही रहे। महज़ 34 साल के अपने जीवन में अगर कोई इतना बड़ा मुकाम हासिल करने के बाद खुदकुशी करे ले तो समझा चाहिए कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्वीटर पर दिखने वाली चमक-दमक की दुनिया में हर कोई अंदर से भी उतना ही खुश हो या अवसादग्रस्त ना हो इसकी कोई गारंटी नहीं।'

ट्वीटर पर उनके निधन के बाद #SushantSinghRajput ट्रेंड कर रहा है। तमाम राजनेता और फिल्म जगत से जुड़ी हस्तियां उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट कर रहे हैं। 

Tags:    

Similar News