सुशांत आत्महत्या : रिया चक्रवर्ती के खिलाफ दर्ज हुई शिकायत, लगा साजिश रचने का आरोप, हुए चौंकाने वाले खुलासे

Update: 2020-06-22 07:28 GMT

नई दिल्ली, जनज्वार। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती के खिलाफ बिहार में शिकायत दर्ज किया गया है। मुजफ्फरपुर के पताही के रहने वाले कुंदन कुमार ने रिया पर सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मुकेश कुमार के समक्ष याचिका दायर की है, जिसपर 24 जून को सुनवाई होगी। कुंदन कुमार ने आरोप लगाया कि रिया चक्रवर्ती की वजह से सुशांत की जान गई।

क्या है याचिका में

कुंदन कुमार ने दायर याचिका में कहा है कि, 'रिया चक्रवर्ती ने सुशांत को अपने प्यार के जाल में फंसाया। उसने सुशांत का भरपूर फायदा उठाया और अपना करियर चमका लिया जब उसका काम पूरा हो गया तो वो सुशांत का आर्थिक और मानसिक तौर पर शोषण करने लगी थी। रिया के व्यवहार में आए बदलाव की वजह से सुशांत को सदमा लगा था। जब सुशांत ने रिया से शादी करने का फैसला किया तो उसने सुशांत से रिश्ता खत्म कर लिया था। रिया फोन करके सुशांत को उकसाती थी जिससे डिप्रेशन में आकर उसने आत्महत्या कर ली।

इन पर भी दर्ज हो चुकी है शिकायत

वहीं इससे पहले स्थानीय वकील सुधीर कुमार ने सलमान खान, आदित्य चोपड़ा, करण जौहर, संजय लीला भंसाली और एकता कपूर के खिलाफ याचिका दायर की थी। बॉलीवुड इंडस्ट्री की इन बड़ी हस्तियों पर आरोप लगाया था कि इन लोगों ने सुशांत सिंह के करियर में बाधाएं पैदा की थीं।

रिया ने पुलिस पूछताछ में किए कई चौंकाने वाले खुलासे

वहीं मुंबई पुलिस ने 18 जून को रिया चक्रवर्ती से लगभग 10 घंटे पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने कई खुलासे किए। गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती ने पूछताछ के दौरान बताया कि एक्टर का बांद्रा में स्थित घर हॉन्टेड था। उन दोनों ने ऐसा महसूस किया था। रिया ने बताया कि वह दोनों जल्द शादी करने वाले थे। सुशांत सिंह राजपूत का परिवार पहले इस शादी के पक्ष में नहीं था, लेकिन बाद में एक्टर का परिवार रिया चक्रवर्ती को पसंद करने लगा था। उन्होंने दो-तीन बार सुशांत के पापा केके सिंह से बात भी की थी।

अपनी दोस्ती के बारे में उन्होंने पुलिस को बताया कि दोनों की मुलाकात साल 2012 में हुई थी। उस वक्त वह 'मेरे डैड की मारूति' में काम कर रही थीं और सुशांत फिल्म 'शुद्ध देसी रोमांस' कर रहे थे। उस दौरान दोनों की मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों कई पार्टीज और इवेंट्स में मिले और फिर दोनों की दोस्ती हो गई। उस वक्त सुशांत किसी के साथ रिलेशनशिप में थे। लेकिन दोनों की दोस्ती थी। इसके बाद साल 2017-18 के दौरान दोनों एक प्रोडक्शन हाउस से अलग होकर अलग-अलग बैनर में काम करने लगे और फिर दोनों ने एक -दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया।

यशराज फिल्म्स की फिल्म मेरे डेड की मारूति के शूटिंग के दौरान पहली बार मिले थे। इसके बाद कई पार्टियों में मुलाकात के बाद दोनों अच्छे दोस्त बन गए।

रिया को किया था मैसेज

रिया ने बताया कि फिर साल 2019 में सुशांत ने प्रपोज किया। सुशांत ने मुझ से कहा 'मैं indirectly तुमसे नहीं कह सकता इसीलिये सीधे कह रहा हूं। मैं तुम्हें पसंद करता हूं। तुम्हें अपनी गर्लफ़्रेंड बनाना चाहता हूं। रिया को भी सुशांत पसंद थे और दोनों के बीच रिश्ता शुरू हुआ। रिया ने पुलिस को बताया कि सितंबर 2019 में दिल बेचारा फ़िल्म पूरी करने के बाद से सुशांत को डिप्रेशन होने के संकेत मिलने लगे थे।

रिया ने पुलिस को बताया कि सुशांत किसी न किसी वजह से परेशान थे, लेकिन वह इस बारे में कुछ बताते नहीं थे। वह ज्यादा परेशान होते तो कहीं अलग चले जाते या फिर अपने पुणे वाले फार्महाउस में चले जाते थे। जब वह ज्यादा डिप्रेशन में रहने लगे तो उन्होंने डॉक्टर की हेल्प लेनी शुरू कर दी, लेकिन बीते कुछ दिनों से उन्होंने दवाई लेना छोड़ दिया था।

रिया ने येे कुबूला कि हमारा रिलेशनशिप एक दूसरे के काम की वजह से प्रभावित हो रहा था। सुशांत के हाथ से काम जा रहा था। इसके बाद से वो डिप्रेशन में आ गए। उन्होंने कहा कि मैंने उनकी परेशानी समझने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद उन्होंने डॉक्टर से संपर्क किया।

रिया ने पुलिस को बताया कि 6 जून को सुशांंत ने उसे अकेला छोड़ने और घर से जाने को कहा। उन्होंने कहा कि वह अकेले रहना चाहते हैं। रिया ने कहा कि सुशांत की सिचुएशन को देखकर उन्होंने ज्यादा कुछ नहीं बोला। उन्होंने सोचा कि सुशांत कुछ टाइम अकेले रहेंगे तो शायद वह अच्छा फील करें। वह कार्टर रोड पेंटहाउस घर छोड़कर चली गई थीं. हालांकि, दोनों ही फोन कॉल्स और टेक्स्ट मैसेज के जरिए एक-दूसरे से जुड़े रहते थे। सुसाइड से पहली रात को सुशांत ने रिया को फोन किया था, लेकिन रिया सो गई थीं और फोन नहीं उठा पाई और अगले ही दिन उन्हें ये जानकारी मिली कि सुशांत ने सुसाइड कर लिया है।

Similar News