महाराष्ट्र में भीषण हादसे में 15 मजदूरों की मौत व कई अन्य घायल

महाराष्ट्र के जलगांव स्थित यवल तालुक के किंगांव गांव के पास हुई इस दुर्घटना में 2 मजदूर घायल भी हुए हैं, घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है..

Update: 2021-02-15 04:43 GMT

(प्रतीकात्मक तस्वीर)

जनज्वार। महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसे में 15 मजदूरों की मौत हो गई है, वहीं 2 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। महाराष्ट्र के जलगांव में बीती रात लगभग 1 बजे के करीब का यह हादसा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार ये मजदूर एक ट्रक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी वह ट्रक पलट गई।

बताया जा रहा है कि बीती रात जलगांव जिला के यवल तालुक के किंगांव गांव के पास पपीते से लदा ट्रक पलट गया। इस सड़क दुर्घटना में 2 मजदूर घायल भी हुए हैं। घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। हादसा बीती रात करीब एक बजे यवल रोड हुआ।

जलगांव पुलिस का कहना है कि एक ट्रक के पलट जाने से 15 लोगों की मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक जिले के अभोदा, करहला और रावेर के रहने वाले मजदूर थे। पुलिस ने कहा है कि पपीते से लदे ट्रक के पलटने से मजूदरों की मौत हो गई, जो कि राजाओन गांव के एक मंदिर के पास देर रात पलट गई थी।

पुलिस ने कहा कि पांच मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज ग्रामीण अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि पपीता ले जा रहे ट्रक के ड्राइवर ने एक मोड़ पर अपना नियंत्रण खो दिया जिससे ट्रक पलट गया। इस ट्रक में कई मजदूर भी सवार थे।

घटना की सूचना मिलने के बाद जलगांव और यवल की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। फिर क्रेन मंगाया गया और क्रेन की मदद से पलटे ट्रक को सीधा किया गया। इसके बाद मजदूरों के शवों को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि ट्रक में 21 मजदूर सवार थे।

Tags:    

Similar News