Aaj Ka Mausam: जल्द विदा लेगा मॉनसून, कई राज्यों में 10 अक्टूबर तक मॉनसून की वापसी तय

Aaj Ka Mausam: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून 10 अक्टूबर से उत्तरी कोंकण और गोवा, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ से वापस जाना शुरू कर देगा... जल्द ही महाराष्ट्र से भी मॉनसून के वापस जाने की संभावना है...

Update: 2021-10-04 17:25 GMT

Aaj Ka Mausam: मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक पूर्वोत्तर बिहार, पश्चिमी बंगाल और सिक्किम में निम्न दबाद का क्षेत्र बना हुआ है, जो 4 अक्टूबर को कमजोर हो गया है। वहीं, केरल तट से दूर दक्षिण अरब सागर के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है। कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण 5 और 6 अक्टूबर को दक्षिण कोंकण और गोवा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में अलग-अलग हिस्सों में भारी वर्षा होने की संभावना है। चक्रवात की प्रणालियों के प्रभाव की वजह से 6 अक्टूबर तक तमिलनाडु, केरल और तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान देख के कुछ भाग में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड के कुछ हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, दक्षिण गुजरात और तेलंगाना, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

राजस्थान और गुजरात से जल्द होगी मानसून की छूट्टी

गुजरात और राजस्थान को मॉनसून जल्द टाटा गुडबाय कर सकता है। फिलहाल चक्रवात शाहीन के प्रभाव के कारण दोनों राज्यों के कुछ हिस्सों में बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान राजस्थान के दक्षिण-पूर्व और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। संभावना है कि 6 अक्टूबर तक राजस्थान से मानसून की वापसी का दौर शुरू हो जाएगा। राजस्थान से सटे गुजरात में भी बारिश की गतिविधियां 6 अक्टूबर के बाद कम होने की उम्मीद है।

10 अक्टूबर के बाद इन राज्यों से भी मानसून की वापसी लगभग तय

अगर आप ठंडी के आगमन से पहले गोवा, महाराष्ट्र या तटीय इलाकों में वेकेशन मनाने का प्लान बना रहे हैं, तो अब जल्दी से टिकट करवा लिजिए, क्योंकि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून 10 अक्टूबर से उत्तरी कोंकण और गोवा, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ से वापस जाना शुरू कर देगा। जल्द ही महाराष्ट्र से भी मॉनसून के वापस जाने की संभावना है, जिसके बाद लोगों को भारी बारिश के कारण परेशानी नहीं होगी। मध्य प्रदेश में छिटपुट वर्षा 5 अक्टूबर तक हो सकती है। लेकिन यहां भी 7 अक्टूबर के बाद मध्य प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी भागों में बारिश में कमी आएगी और 9 अक्टूबर तक पूरे मध्य प्रदेश से भी मानसून के वापस जाने की उम्मीद है। वहीं, बिहार के स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार बिहार में भी 10 अक्टूबर के बाद मॉनसून की विदाई हो जाएगी। पटना स्थित मौसम विभाग केंद्र के अनुसार प्रदेश में 10-15 अक्टूबर तक मानसून की वापसी हो सकती है। आम तौर पर देश के कई हिस्सों में सितंबर तक ही मानसून सक्रिय रहता है। 

Tags:    

Similar News