ADR Report: एडीआर ने जारी की राजनीतिक पार्टियों की संपत्ति, BJP है धनकुबेर, जानिए किसके पास कितनी है रकम...

ADR Report: देश की सात राष्ट्रीय पार्टियों के पास कुल 6988.57 करोड़ की राशि है। जिसमें 2129.38 करोड़ रूपये की कुल धनराशि क्षेत्रीय दलों के पास है। भाजपा सबसे अमीर, बसपा दूसरे स्थान पर...

Update: 2022-01-29 03:15 GMT

(ADR ने जारी की राजनीतिक पार्टियों की संपति)

ADR Report: एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की ताजा रिपोर्ट में भारतीय जनता पार्टी देश की सबसे अमीर पॉलिटिकल पार्टी है। 2019-20 में पार्टी के पास बसपा से सात तो कांग्रेस से आठ गुना अधिक सम्पति थी। एडीआर की रिपोर्ट में सामने आया है कि 2019-20 में 4847.78 करोड़ रुपये की सम्पति घोषणा के साथ बीजेपी शीर्ष पर रही। जबकि 698.33 करोड़ की सम्पति के साथ बसपा दूसरे स्थान पर काबिज रही।

इसके साथ ही कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही। कांग्रेस की कुल सम्पति 588.16 करोड़ रुपयों की रही। एडीआर ने कुल सम्पति को लेकर देश की सात राष्ट्रीय और 44 क्षेत्रीय पार्टियों की घोषणा के अध्ययन के बाद शुक्रवार शाम यह रिपोर्ट जारी की।

क्षेत्रीय दलों के पास सबसे अधिक सम्पति FD की

रिपोर्ट के मुताबिक क्षेत्रीय दलों की 2019-20 में कुल घोषित सम्पति में सबसे अधिक 1639.51 करोड़ रुपये यानी 76.99 प्रतिशत हिस्सेदारी FD व FDR के रूप में है। इसमें सपा के पास 434.219 करोड़, टीआरएस के पास 256.90 करोड़ और एआईडीएमके के पास 246.90 करोड़ रुपये की एफडी और एफडीआर हैं।

वहीं राष्ट्रीय पार्टियों में सबसे अधिक भाजपा 3253 करोड़ रुपये की FD व FDR की घोषणा के साथ पहले पायदान पर रही। बसपा 618.86 करोड़ की घोषणा के साथ दूसरे पायदान पर और कांग्रेस ने 240.90 करोड़ रुपये के FD व FDR की घोषणा की है।

सपा क्षेत्रीय दलों में सबसे अमीर

क्षेत्रीय राजनीतिक दलों में सबसे अधिक 563.47 करोड़ रुपये की सम्पति समाजवादी पार्टी के पास है। यह कुल घोषित सम्पति का 26.46 फीसदी है। दूसरे नम्बर पर 301.47 करोड़ की सम्पति टीआरएस ने बताई है। तीसरे स्थान पर 267.61 करोड़ की सम्पति एआईडीएमके के पास है।

कांग्रेस पर सबसे अधिक देनदारी

ADR की रिपोर्ट के मुताबिक देश के सात राष्ट्रीय और 44 क्षेत्रीय दलों पर कुल 134.93 करोड़ रुपये की देनदारी है। राष्ट्रीय दलों में सबसे अधिक 49.55 करोड़ रुपये की देनदारी कांग्रेस ने बताई है। वहीं क्षेत्रीय दलों में टीडीपी पर सबसे अधिक 30.342 करोड़ रुपये की देनदारी बकाया थी।

शीर्ष दस क्षेत्रीय दलों के पास इतनी सम्पति

44 क्षेत्रीय दलों की कुल 2129.38 करोड़ की संपत्ति में शीर्ष 10 दलों के पास 95.27 प्रतिशत यानी 2028.715 करोड़ रुपये की सम्पति है। वहीं 100.67 करोड़ रुपयों में 34 दलों की हिस्सेदारी है।

Tags:    

Similar News