अंतरराष्ट्रीय मीडिया में छाया जोशीमठ का मुद्दा तो CM धामी के बाद मुख्य सचिव सुखवीर सिंह संधु और DGP अशोक कुमार भी पहुंचे ग्राउंड में जायजा लेने

Joshimath Sinking : मुख्य सचिव संधु ने कहा कि देश के विशेषज्ञ वैज्ञानिकों की टीम द्वारा भूधंसाव कारणों का पता लगाया जा रहा है और इसके कारणों का पता लगने पर जो भी ट्रीटमेंट्स आवश्यक होगा वह यहां पर किया जाएगा

Update: 2023-01-08 12:51 GMT

Joshimath Sinking : धीरे धीरे धरती में धंसते जा रहे जोशीमठ को बचाने के लिए उसकी चीत्कार तक कोई सुनने को राजी नहीं था तो मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आने के बाद पूरी सरकार ही जोशीमठ में बैठने को तैयार है। हाई पावर एक्सपर्ट टीम के बाद मुख्यमंत्री खुद, मुख्यमंत्री के जोशीमठ पहुंचने के एक दिन बाद ही प्रदेश के मुख्य सचिव डॉ. सुखवीर सिंह संधु, डीजीपी पुलिस अशोक कुमार एवं सचिव मुख्यमंत्री आर. मीनाक्षी सुंदरम ने रविवार 8 जनवरी को जोशीमठ पहुंचकर भूधंसाव क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान मुख्य सचिव संधु ने कहा कि देश के विशेषज्ञ वैज्ञानिकों की टीम द्वारा भूधंसाव कारणों का पता लगाया जा रहा है और इसके कारणों का पता लगने पर जो भी ट्रीटमेंट्स आवश्यक होगा वह यहां पर किया जाएगा।

मुख्य सचिव सुखवीर सिंह संधु ने तत्कालिक रूप से नागरिकों की सुरक्षा को बेहद अहम बताते हुए कहा कि इसके लिए स्थानीय प्रशासन लगातार काम कर रहा है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी दशा में रिस्क न ले। ऐसी स्थिति में कभी भी नुकसान ज्यादा हो सकता है। जिला प्रशासन द्वारा जहां पर व्यवस्था की गई है, वहां पर जल्द से जल्द शिफ्ट करें।

इस दौरान मुख्य सचिव ने मनोहर बाग, सिंग्धार, मारवाडी स्थित जेपी कंपनी प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने मुख्य सचिव को आपदा की स्थिति के बारे में अवगत कराते हुए उन्हें सिलसिलेवार जानकारी भी दी।

Tags:    

Similar News