जमानत पर बाहर आए बुलंदशहर हिंसा के मुख्य आरोपी के खिलाफ़ एक और FIR दर्ज, पड़ोसियों से मारपीट का आरोप

लाठी-डंडों के हमले में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित गायक दिनेश की तहरीर पर जिला पंचायत सदस्य योगेश राज समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है...

Update: 2021-05-22 07:21 GMT

(पड़ोसियों के आरोप: चुनावी रंजिश रखता है योगेश राज)

जनज्वार डेस्क। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की साल 2018 की हिंसा के मुख्यारोपी के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज की गई है। उसपर आरोप है कि उसने पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर बुधवार 19 मई की रात अपने साथियों के साथ मिलकर पड़ोसियों के साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा हैं।

जानकारी के अनुसार, स्याना कोतवाली क्षेत्र के गांव नयाभाग निवासी दिनेश और महेंद्र ने आरोप लगाए हैं कि जिला पंचायत सदस्य योगेश राज उनसे चुनावी रंजिश रखता है। बुधवार रात उसने वोट न देने का आरोप लगाया। वह 6-7 साथियों के साथ लेकर घर में घुस आया और उसने गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

इस दौरान कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित गायक दिनेश की तहरीर पर जिला पंचायत सदस्य योगेश राज समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। योगेश राज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


3 दिसंबर 2018 को स्याना हिंसा में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की उपद्रवियों ने हत्या कर दी थी। हिंसा के दौरान एक युवक की भी जान चली गई थी। इस दौरान जमकर बवाल हुआ था। लोगों ने चौकी को भी आग के हवाले कर दिया था।

पुलिस ने योगेश राज को हिंसा भड़काने का मुख्य आरोपी माना था। जिसके बाद योगेश राज लगातार चर्चाओं में रहा था और फिलहाल जमानत पर आया हुआ है।

Tags:    

Similar News