कौन हैं चंपई सोरेन जो बनेंगे झारखंड के नये मुख्यमंत्री, हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा

Update: 2024-01-31 16:05 GMT

Jharkhand Political Crisis : हेमंत सोरेन पर गिरफ्तारी की तलवार लटकते ही कौन बनेगा झारखंड का अगला मुख्यमंत्री? का सवाल खड़ा होने लगा था। पहले कहा जा रहा था कि हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के मुख्यमंत्री बनने के कयास लगाये जा रहे थे, मगर पार्टी अंतरविरोधों के कारण चंपई सोरेन का नाम अगले मुख्यमंत्री के नाम पर सामने आ गया है। हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

कौन हैं चंपई सोरेन जो बनेंगे मुख्यमंत्री

चंपई सोरेन सरायकेला-खरसावां जिले स्थित जिलिंगगोड़ा गांव के रहने वाले हैं। खेती—किसानी वाले परिवार से संबंध रखने वाले चंपई के पिता का नाम सिमल सोरेन है। चार भाई बहनों में से सबसे बड़े चंपई सोरेन ने 10वीं क्लास तक पढ़ाई सरकारी स्कूल से की थी। कम उम्र में ही उनका विवाह हो गया था और वह 4 बेटे और तीन बेटियों के पिता हैं। मुख्यमंत्री बनने से पहले तक चंपई सोरेन झारखंड सरकार के यातायात, अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री हैं और झारखंड मुक्ति मोर्चा के उपाध्यक्ष भी हैं।

गौरतलब है ईडी पूछताछ के बीच गिरफ्तारी की लटकी तलवार के बाद आज 31 जनवरी की देर शाम हेमंत सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने नए मुख्यमंत्री के रूप में वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन का नाम प्रस्तावित किया था। हेमंत सोरेन से भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) से करीब सात घंटे तक पूछताछ चली, जिसके बाद हेमंत सोरेन ने राजभवन जाकर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

इस मसले पर मीडिया से हुई बातचीत में झारखंड के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर कहते हैं, ‘हेमंत सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। सत्तारूढ़ जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन ने नए मुख्यमंत्री के रूप में जेएमएम के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन का नाम प्रस्तावित किया है।'

इससे पहले मुख्यमंत्री आवास पर जुटे विधायकों ने चंपई सोरेन को जेएमएम विधायक दल का नेता चुना था। पार्टी प्रवक्ता विनोद पांडे ने बताया कि चंपई सोरेन के नाम पर आम सहमति बन गई है। हालांकि पहले अटकलों का बाजार गर्म था कि हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना नई मुख्यमंत्री बनेंगी।

झारखंड के गोड्डा संसदीय क्षेत्र से सांसद निशिकांत दुबे ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट लिखा कि 'चंपई सोरेन जी को विधायक दल ने अगले मुख्यमंत्री के लिए प्रस्तावित किया है। हेमंत सोरेन जी कल्पना सोरेन जी को मुख्यमंत्री परिवार के विरोध के कारण नहीं बना पाये।'

Tags:    

Similar News