BJP नेता संगीत सोम के बिगड़े बोल- 'मुस्लिमों को वैज्ञानिक, पुलिस और PM पर भरोसा नहीं तो चले जाएं पाक'

संगीत सोम के इस बयान के बाद कांग्रेस नेता अलका लांबा ने तंज किया है, वहीं सोशल मीडिया पर दो धड़े बनते जा रहे हैं, हालांकि एक बड़े समूह द्वारा उनके इस बयान की आलोचना की जा रही है...

Update: 2021-01-13 06:00 GMT

जनज्वार ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी के फायरब्रांड नेता संगीत सोम और विवादों का चोली-दामन का नाता रहा है। एक बार फिर मुसलमानों के पाकिस्तान चले जाने से संबंधित अपने एक बयान को लेकर विवादों में पड़ गए हैं। इस बार संगीत सोम ने कहा है कि जो मुसलमान देश के वैज्ञानिकों, पुलिस और प्रधानमंत्री पर भरोसा नहीं करते हैं, वे पाकिस्‍तान चले जाएं।

संगीत सोम के इस बयान के बाद कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रहीं हैं। खासकर सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर दो धड़े बनते जा रहे हैं, हालांकि एक बड़े समूह द्वारा उनके इस बयान की आलोचना की जा रही है।

संगीत सोम के इस बयान पर तंज करते हुए कांग्रेस नेता अलका लांबा ने सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सरकार से नाखुश सभी हिंदू-मुसलमानों को मोदी सरकार भारत बुला ले।

अलका लांबा ने ट्वीट कर लिखा 'पाकिस्तान उन्हें वीज़ा देगा या नहीं,पता नहीं, पर मोदी सरकार यह ज़रुर सुनिश्चित कर सकती है कि पाकिस्तान में जिन्हें अपनी सरकार पर भरोसा नहीं वह सभी हिन्दू-मुस्लिम भारत आ सकते हैं - मोदी सरकार उन्हें वीज़ा के साथ बाकि सब सुविधाएं भी मुहैया करवायेगी- बोलो नफ़रती संघी टटूओं मंजूर है?'

Full View

संगीत सोम के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कई ट्विटर यूजर्स ने उनपर ही नहीं, बल्कि केंद्र की मोदी सरकार पर भी निशाना साध दिया है।


एक यूजर ने लिखा है 'ये महाशय पाकिस्तान का टूरिज्म प्रोमोट करने का ठेका लिए हुए हैं।' वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा 'जाने का टाइम तो तुम्हारा आ रहा है, थोड़ा टाइम इंतजार करो।'


संगीत सोम उत्तर प्रदेश के सरधना से बीजेपी के विधायक हैं और पार्टी के फायर ब्रांड नेता कहे जाते हैं। वे अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियां बटोरते रहते हैं।संगीत सोम अपने इस बयान को लेकर एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।

बता दें कि बीजेपी विधायक संगीत सोम चंदौसी में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम में पहुंचे थे वहां पत्रकारों ने उनसे भारत के कुछ मुस्लिम संगठनों द्वारा कोरोना वैक्सीन में सूअर की चर्बी मिले होने की बात कहे जाने वाले बयान पर उनकी राय पूछी थी। 

इसके बाद विधायक ने कहा कि अगर भारत के मुसलमानों को भारतीय वैज्ञानिकों और देश के पीएम और पुलिस प्रशासन पर आस्था और विश्वास नहीं है तो वह भारत छोड़कर पाकिस्तान चले जाएं।

Tags:    

Similar News