बिल्किस बानो के रेपिस्टों को छोड़ने के मामले को भाजपा सांसद इंदू गोस्वामी ने बताया छोटा मामला, कहा - हमारी सरकार कर रही बड़े-बड़े काम

जब आप बिलकिस बानो मामले को उठाते हैं तो आपको शाह बानो मामले को भी याद रखना चाहिए और उस समय कांग्रेस सरकार ने क्या किया था।

Update: 2022-09-14 10:40 GMT

बिल्किस बानो के रेपिस्टों को छोड़ने के मामले को भाजपा सांसद इंदू गोस्वामी ने बताया छोटा मामला, कहा - हमारी सरकार कर रही बड़े-बड़े काम

धर्मशाला। गुजरात के बिलकिस बानो गैंगरेप ( Bilkis bano Gang rape case ) के 11 दोषियों की रिहाई के बाद से यह मामला चर्चा में है। इस मसले पर शीर्ष अदालत में सुनवाई जारी है। सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात सरकार से इस मामले को लेकर जवाब तलब किया है। इस बीच भाजपा से राज्यसभा सांसद और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव इंदू गोस्वामी ( Indu goswami ) ने इस मसले को छोटा बताकर नए विवाद को जन्म दे दिया है।

शाहबानो के साथ कांग्रेस ने क्या किया

हाल ही में धर्मशाला में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब आप बिलकिस बानो ( Bilkis Bano ) मामले को उठाते हैं तो आपको शाह बानो मामले को भी याद रखना चाहिए और उस समय कांग्रेस सरकार ने क्या किया था और यह भी कि केंद्र की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना है। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव इंदु गोस्वामी ( Indu goswami ) ने कहा कि बिलकिस बानो गैंगरेप नहीं होना चाहिए था लेकिन इस मसले की आड़ में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे बड़े-बत्रे काम को कमतर नहीं आंकना चाहिए।

उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि यह अच्छा है कि आपने यह सवाल पूछा लेकिन मुझे लगता है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण होगा कि आप महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर और राज्य स्तर पर किए जा रहे प्रयासों को कम करने की कोशिश करते हैं। मुझे बिलकिस मामले की कानूनी पहलुओं की गहराई से जानकारी नहीं है। इसलिए मैं इस मसले पर सटीक टिप्पणी नहीं कर सकती। इसके साथ ही उन्होंने ( Indu goswami ) कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा शुरू की गई सभी योजनाएं महिलाओं को केंद्र में रखते हुए तैयार की गई हैं।

विकसित राष्ट्र की कल्पना से पहले महिलाओं को हर फैसले में बनाना होगा भागीदार

इंदू गोस्वामी ( Indu goswami ) ने कहा कि हम विभिन्न मसलों पर महिलाओं को निर्णय लेने और नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण स्थान दिए बिना एक विकसित राष्ट्र की कल्पना नहीं कर सकते। गोस्वामी ने कहा कि केंद्र की विभिन्न योजनाएं जैसे सुकन्या स्मृति योजना, बेटी बचाओ.बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदना, या यहां तक ​​कि मुद्रा योजना या आयुष्मान भारत का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि जय राम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार ने भी महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। केंद्र और राज्य में भाजपा शासन में 10 से अधिक योजनाओं पर काम जारी है। इन योजनाओं की वजह से लाखों बेटियों, बहनों और माताओं को लाभ हुआ है।

भाजपा नेता ने कहा कि पहले सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए आयु सीमा 80 वर्ष थी जिसे राज्य सरकार ने घटाकर 60 वर्ष कर दिया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्य सरकार ने महिलाओं को बस किराए में 50 फीसदी की छूट देने की योजना शुरू की गई है। कुछ लोग कहते हैं कि रियायत सिर्फ महिलाओं को ही क्यों। उन्हें समझना चाहिए कि महिलाओं ने अपना हक पाने के लिए लंबी लड़ाई लड़ी है। महिला सशक्तिकरण केवल शब्दों से नहीं बल्कि कार्यों से किया जा सकता है।

भाजपा सत्ता कें करेगी वापसी

इंदु गोस्वामी ( Indu goswami ) ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार के बेहतर कामकाज के चलते आगामी विस चुनावों में जयराम सरकार रिवाज बदलते हुए मिशन रिपीट करेगी। प्रदेश की जयराम सरकार ने जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए हरेक कल्याणकारी योजनाओं का पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित बनाया है। विकास के मुद्दे पर भाजपा चुनावों में लोगों के बीच जाकर वोट मांगेगी। वह सोमवार को भरमौर में महिला मोर्चा के सम्मेलन में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश में अपना बजूद तलाश रही है। उन्हों कहा कि आगामी विस चुनावों में कांग्रेस का हिमाचल में सत्तासीन होने का सपना भी पूरा नहीं हो पाएगा।

Tags:    

Similar News