Aryan Khan Drug Case : गवाह सुनील पाटिल का दावा, BJP नेता कैलाश विजयवर्गीय के करीबी ने NCB को दी टिप

Aryan Khan Drug Case : पाटिल ने आर्यन खान केस को लेकर कई बातों का खुलासा किया। साथ ही पाटिल ने बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय के करीबी द्वारा क्रूज पार्टी की खबर दिए जाने की बात कही है।

Update: 2021-11-08 04:55 GMT

(गवाह सुनील पाटिल ने दावा किया है कि कैलाश विजयवर्गीय के करीबी ने एनसीबी को टिप दी)

Aryan Khan Drug Case : आर्यन खान ड्रग केस (Mumbai Cruise Drug Case) में लगातार कोई न कोई नई बात सामने आ रही है। अब इस केस के नए गवाह सुनील पाटिल (Sunil Patil) ने रविवार, 7 नवंबर 2021 की रात एसआईटी के समक्ष अपने बयान दर्ज कराते हुए कई सनसनीखेज बातें कही हैं। एक न्यूज़ चैनल से खास बातचीत में पाटिल ने आर्यन खान केस को लेकर कई बातों का खुलासा किया। साथ ही पाटिल ने बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय (Kalash Vijayvargiya) के करीबी द्वारा क्रूज पार्टी की खबर दिए जाने की बात कही है।

खबर है कि सुनील पाटिल ने कबूला कि आर्यन को छुड़ाने के लिए रिश्वत की पेशकश हुई थी। साथ ही पाटिल ने भाजपा कार्यकर्ता और केस के गवाह मनीष भानुशाली (Manish Bhanushali) पर उनके अपहरण करने, पीटने और धमकाने तक के आरोप लगाए।

बता दें कि रविवार रात सुनील पाटिल आर्यन ड्रग्स केस में अपना बयान दर्ज कराने के लिए मुंबई पुलिस की एसआईटी (Mumbai Police SIT) के सामने पेश हुए थे। न्यूज़ एजेंसी भाषा ने अधिकारियों के बयान के हवाले से कहा है कि पाटिल एक निजी कैब में आजाद मैदान थाने पहुंचे और बाद में दक्षिण मुंबई स्थित एसआईटी कार्यालय गए। अधिकारी ने कहा कि पाटिल ने रविवार शाम लगभग छह बजकर 15 मिनट पर एसआईटी कार्यालय में प्रवेश किया था।

उधर, इंडिया टुडे से खास बातचीत में सुनील पाटिल ने भाजपा कार्यकर्ता मनीष भानुशाली पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने भानुशाली पर एक होटल में ले जाकर मारपीट करने का भी आरोप लगाया। सुनील पाटिल ने कहा कि भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के एक करीबी ने मुंबई के तट पर जहाज पर होने वाली कथित 'रेव पार्टी' के बारे में गुप्त सूचना दी थी। जिसके बाद एनसीबी ने क्रूज जहाज पर छापा मारा और आर्यन खान को गिरफ्तार किया।

सुनील पाटिल ने यह भी कहा कि छापेमारी के दौरान किरण गोसावी (Kiran Gosavi) और भाजपा कार्यकर्ता मनीष भानुशाली भी मौजूद थे।

इससे पहले सुनील पाटील ने सामने आकर कहा था कि मुझे इस मामले में फंसाया जा रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए। सुनील पाटील ने कहा कि मैं कभी भी सहयाद्री गेस्ट हाउस (Sahyadri Guest house) नहीं गया। पाटील ने कहा कि मेरी एक ही गलती है कि मैंने सेम डिसूजा, किरण गोसावी और मनीष भानुशाली की आपस में पहचान करवाई।

सुनील पाटिल का नाम शनिवार को आर्यन खान ड्रग्स केस में अचानक तब आया जब महाराष्ट्र भाजपा नेता मोहित काम्बोज ने दावा किया कि पाटिल इस मामले में 'मास्टरमाइंड' हैं और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेताओं से उनका लिंक है। सुनील पाटिल के अनुसार, क्रूज पार्टी के बारे में गुप्त सूचना नीरज यादव ने दी थी, जो भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का करीबी है।

बता दें कि 7 अक्टूबर को इंडिया टुडे के साथ अपने इंटरव्यू में नीरज यादव ने दावा किया था कि उसने मनीष भानुशाली और किरण गोसावी को 2 अक्टूबर को क्रूज पर पार्टी के बारे में सूचित किया था। भोपाल निवासी नीरज यादव के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता मनीष भानुशाली ने तब एनसीबी अधिकारियों को कथित रेव पार्टी के बारे में सूचना दी थी। इस पूरे मामले में अपनी कथित भूमिका पर सुनील पाटिल ने बताया कि वह मनीष भानुशाली को जानता है, लेकिन किरण गोसावी को नहीं जानता।

यहां यह भी बता दें कि क्रूज ड्रग्स पार्टी में मामले में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट के साथ आरोपी हैं। दोनों को 3 अक्टूबर को मुंबई के तट पर एक क्रूज पर छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया था।

समीर वानखेड़े इस क्रूज ड्रग्स मामले और समीर खान के खिलाफ ड्रग्स मामले की जांच कर रहे थे लेकिन क्रूज मामले में एक गवाह ने जांच में शामिल लोगों द्वारा जबरन वसूली का आरोप लगाया गया जिसके बाद वानखेड़े को इस केस से अलग कर दिया गया। अब एनसीबी की विभागीय टीम उनके आरोपों की भी जांच में जुटी हुई है। ऐसे छह मामले जिनकी जांच समीर वानखेड़े कर रहे थे शुक्रवार को वे सभी एजेंसी की केंद्रीय टीम को ट्रांसफर कर दिए गए।

Tags:    

Similar News