Fact Check : भाजपा नेताओं ने कहा- 100 करोड़ वैक्सीन लगाने वाला 'पहला देश' भारत, जानिए दावे की सच्चाई

Fact Check : सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि भारत 'पहला देश' बन गया है जिसने सौ करोड़ नागरिकों को वैक्सीन लगवा दी है।

Update: 2021-10-22 08:24 GMT

Fact Check :  भारत ने हाल ही में 21 अक्टूबर 2021 को सौ करोड़ वैक्सीन (1 Billion Vaccination) का आंकड़ा पार कर लिया है। इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi), केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री मनसुख मंडाविया (Mansukh Mandavia) समेत कई भाजपा नेता जश्न मना रहे हैं और इसे बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां अपना फेसबुक प्रोफाइल बदल डाला तो केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिवाली बताया।

इसके साथ ही सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि भारत दुनिया का 'पहला ऐसा देश' बन गया है जिसने 100 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगवा दी है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा- भारत ने रचा इतिहास। हम 130 करोड़ भारतीयों की भारतीय विज्ञान, उद्यम और सामूहिक भावना की विजय देख रहे हैं। 100 करोड़ वैक्सीनेशन पार करने पर भारत को बधाई। हमारे डॉक्टरों, नर्सों और इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए काम करने वाले सभी लोगों का आभार।

Full View

वहीं हरियाणा भाजपा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- ''100 करोड़ वैक्सीन लगाने वाला पहला देश बना भारत।'' हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और राजस्थान के पूर्व मंत्री व भाजपा नेता राजेंद्र गहलोत ने भी यही दावा किया है कि भारत इस मामले में पहला देश बन गया है।

इसी तरह राज्यसभा सांसद समर सिंह सोलंकी ने भी ट्वीट कर कहा -बधाई हो भारत। दूरदर्शी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सक्षम और संकल्पित नेतृत्व का परिणाम है कि भारत 100 करोड़ टीके लगाने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। ये जश्न सिर्फ 100 करोड़ वैक्सीन का नहीं है बल्कि भारत के सामर्थ्य का है, आत्मनिर्भर भारत का है।

लेकिन क्या भारत ही दुनिया क पहला देश है जिसने 100 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगवा दी है। इसके लिए तथ्य जानने जरूरी हैं। 100 करोड़ वैक्सीन लगाने के मामले में चीन (China) पहले नंबर पर है जिसने जून में ही 100 करोड़ वैक्सीन का आंकड़ा पार कर दिया था। इस मामले में भारत दूसरे नंबर पर है। जानकारी के मुताबिक 20 अक्टूबर 2021 तक चीन करीब 224 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगा चुका है जो भारत के दोगुने से ज्यादा है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने भी इस संबंध में रिपोर्ट प्रकाशित की थी। 


नेशनल हेल्थ कमिशन ऑफ द पीपल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना (National Health Commission of the People's Republic of China) के मुताबिक 19 अक्टूबर 2021 तक चीन 223.4 करोड़ वैक्सीन लगा चुका था। वहीं ग्लोबल लेवल पर कोविड से जुड़े मामलों के लाइव डेटा देने वाली वेबसाइट अवर वर्ल्ड डेटा के मुताबिक चीन ने ने 20 अक्टूबर 2021 तक करीब 224 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगवाई।


समाचार चैनल आज तक की न्यूज एंकर अंजना ओम कश्यम ने भी यही 100 करोड़ वैक्सीन लगाने वाले पहले देश का दावा किया तो कांग्रेस की प्रवक्ता डॉ. रागिनी तिवारी ने तंज कसते हुए लिखा- अंधभक्ति रिकार्डतोड़। दुनिया में दो ही देशों की जनसंख्या 100 करोड़ से ज़्यादा है - भारत और चीन। चीन ने अब तक 223 करोड़ डोज दे दी हैं। जून 2021 में चीन ने 100 करोड़ लोगों को डबल डोज़ दे दी थी।


Tags:    

Similar News