Guna Crime News : छेड़खानी के शक में युवक को दी तालीबानी सजा, गिड़गिड़ाते रहे पत्नी और बेटा, तमाशबीन बनाते रहे वीडियो

Guna Crime News : गुना में लड़की से छेड़छाड़ के शक में एक युवक को तालिबानी सजा दी गई। युवती के घर वालों ने युवक के हाथ-पैर बांधकर उसे सड़क पर घसीटा और बेहोश होने तक पीटा, इस दौरान युवक का बेटा और पत्नी उसे छोड़ने की मिन्नतें करते रहे...

Update: 2022-02-04 13:02 GMT

छेड़खानी के शक में युवक को दी तालीबानी सजा

Guna Crime News : मध्य प्रदेश के गुना से एक हैरान कर देनी वाली खबर सामने आई है| यहां एक युवक को बांध कर बेरहमी से पीटा जा रहा है| इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल है| बता दें कि गुना में लड़की से छेड़छाड़ के शक में एक युवक को तालिबानी सजा दी गई। युवती के घर वालों ने युवक के हाथ-पैर बांधकर उसे सड़क पर घसीटा और बेहोश होने तक पीटा। इस वीडियो में दिख रहा है कि भीड़ के बीच एक लड़की ने भी लाठियों से उस पर ताबड़तोड़ वार किए जा रही है। इस दौरान युवक का बेटा और पत्नी उसे छोड़ने की मिन्नतें करते रहे।

यह है पूरा मामला

बता दें कि यह मामला शहर के नानाखेड़ी इलाके का है। साहू (युवती का परिवार) और धाकड़ (युवक का परिवार) परिवार आमने-सामने रहते हैं। इन दोनों परिवार का एक वर्ष पहले भी किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। तब उस समय भी (FIR) हुई थी। आज शुक्रवार 4 फरवरी की सुबह साहू परिवार ने 30 वर्षीय अजय धाकड़ पर आरोप लगाया कि वह उनके घर की बेटी के साथ रोजाना छेड़खानी करता है। जिससे लड़की बहुत परेशान है| जिसके बाद गुस्साए लड़की के परिवार वाले अजय धाकड़ के घर पहुंचे और उसे जबरदस्ती पकड़कर बाहर ले आए।

युवक को दी तालिबानी सजा

अजय धाकड़ को युवती के घरवालों ने तालिबानी सजा देनी शुरू कर दी| सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख है कि लड़की के घरवालों ने अजय के हाथ-पैर बांधकर सड़क पर काफी दूर तक घसीटा। इसके बाद उन लोगों ने लाठी-डंडों से अजय की पिटाई की। लड़की ने भी अजय के पैरों पर जमकर लाठियां बरसाईं। सभी लोग गुस्से में आकर एक के बाद एक अजय धाकड़ पर प्रहार करते रहे|

गिड़गिड़ाते रहे पत्नी और बेटा

इस वीडियो में दिख रहा है कि जब गुस्साए लोग बेरहमी से अजय धाकड़ को पीट रहे थे, तब उसकी पत्नी उसे बचने का प्रयास कर रही थी| इस दौरान अजय धाकड़ की पत्नी और बेटा गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन लड़की के परिवार वाले नहीं माने। यहां तक की महिलाओं ने भी उसे लाठियों से पीटा। अजय धाकड़ का 7 साल का बेटा कहता रहा कि छोड़ दो मेरे पापा को, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। इस दौरान सड़क पर मौजूद कुछ लोग इस बर्बरता का वीडियो बनाते रहे।

अजय धाकड़ अस्पताल में भर्ती

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लड़की के परिवारवालों ने अजय धाकड़ को बेहोश होने तक पीटा| इस पिटाई से अजय धाकड़ गंभीर रूप से घायल हो गया है। वह बेहोश हो गया। अपने पति को बचने के चक्कर में पत्नी भी घायल हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आरोपियों के जाने के बाद अजय और उसकी पत्नी रीना धाकड़ को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भी अजय बोल तक नहीं पा रहा था।

तमाशबीन बनाते रहे वीडियो

इस खौफनाक घटना को जब अंजाम दिया जा रहा था, तब दर्जनों लोग वहां मौजूद थे लेकिन किसी ने भी आगे आकर ये सब रोकने या युवक को बचाने का प्रयास नहीं किया| हैरानी की बात यह है कि इस पूरी घटना के दौरान लोग तमाशबीन बने रहे और कुछ लोग इस बर्बरता का वीडियो भी बनाते रहे। बता दें कि इस तालिबानी सजा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया| वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और कार्रवाई की। इस मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Tags:    

Similar News