Dhanbad News: झारखंड में मॉब लिंचिंग का शिकार होते होते बचा मुस्लिम शख्स, भाजपाइयों ने चटवाया थूक, 'जय श्री राम' के नारे भी लगवाए

Dhanbad News: झारखंड के धनबाद में भाजपाइयों ने मुस्लिम युवक को जमकर पीटा, थूक चटवाकर लगवाए 'जय श्री राम' और 'BJP जिंदाबाद' के नारे

Update: 2022-01-07 13:50 GMT

झारखंड के धनबाद में मुस्लिम व्यक्ति को चटवाया थूक


Dhanbad News: झारखंड के धनबाद (Dhanbad) में शुक्रवार 7 जनवरी को एक अल्पसंख्यक मॉब लिंचिंग का शिकार होते होते बच गया। राज्य के धनबाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक मुस्लिम शख्स की जमकर पिटाई कर दी। बीच सड़क पर उससे थूक भी चटवाया गया। आरोप है कि मुस्लिम व्यक्ति ने पीएम नरेंद्र मोदी (Prime Minister Modi) को लेकर कुछ अपशब्द कह दिया जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम युवक से उठक बैठक भी करवाई। और तो और उससे 'जय श्री राम' और 'भाजपा जिंदाबाद' के नारे भी लगवाए गए। हैरान करने वाली बात ये रही कि इस दौरान वहां मौजूद पुलिस प्रशासन तमाशबीन बनकर खड़ी रही। किसी ने भी भीड़ को समझाने या मुस्लिम व्यक्ति को छुड़ाने का प्रयास नहीं किया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Spren) एक्शन में आ गए हैं। सीएम ने धनबाद डीसी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

सीएम ने दिए जांच के आदेश

घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस विडियो को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Jharkhand CM Hemant Soren) के ट्विटर हैंडल से टैग करते हुए लोगों ने इसपर कारवाई की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तुरंत एक्शन में आए और उन्होंने मामले का संज्ञान लेते हुए धनबाद के उपायुक्त को पूरे मामले की जांच का आदेश दिया है। सीएम ने कहा कि 'अमन चैन से रहने वाले झारखण्डवासियों के इस राज्य में वैमनस्य की कोई जगह नहीं है। @dc_dhanbad कृपया उक्त मामले की जाँच कर दोषियों पर सख्त कार्यवाई करते हुए सूचित करें।'

तमाशा देखती रही पुलिस

जानकारी के अनुसार, पंजाब में प्रधानमंत्री (PM Narendra Modi Security Breach) की सुरक्षा चूक को लेकर धनबाद में महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा के नीचे भाजपा के कार्यकर्ता सांसद पीएन सिंह (MP PN Singh) के नेतृत्व में शुक्रवार 7 जनवरी की दोपहर को मौन प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच एक अर्द्धविक्षिप्त अल्पसंख्यक युवक वहां पहुंच कर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश का नाम लेकर भद्दी गालियां देने लगा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो वह उनको जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम की पिटाई कर दी। उसके बाद उससे कान पकड़ कर उठक बैठक भी कराई गई। फिर भीड़ ने उससे थूक भी चटवाया। भाजपा कार्यकर्ताओं (BJP Workers) ने युवक की तब तक पिटाई कि जब तक उसने जय श्री राम और भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे नहीं लगाए। इस पूरी घटना के दौरान गांधी चौक पर तैनात पुलिस बल इत्मीनान से तमाशा देखती रही। किसी ने भी आगे बढ़कर शख्स को बचाने का प्रयास नहीं किया।

Tags:    

Similar News