Lakhimpur Kheri : गृहमंत्री के स्कूटी वाले बयान के बाद लखीमपुर खीरी में दिनदहाड़े स्कूल गई नौवीं कक्षा की 3 छात्राएं हुईं लापता

पुलिस ने इस संबंध में स्कूल प्रशासन के लोगों और गायब लड़कियों की साथी छात्राओं से भी बातचीत की है। तीनों लड़कियों के फोटो भी जारी किए गए हैं, जिनके साथ उनसे संबंधित डिटेल भी हैं...

Update: 2021-10-31 07:48 GMT

(लखीमपुर पुलिस द्वारा जारी की गई तीनों बच्चियों की तस्वीर)

Lakhimpur Kheri (जनज्वार) : उत्तर प्रदेश के लखनऊ पहुँचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने भाषण के दौरान कहा था की वह दुरबीन लगाकर देखते हैं तो कोई गुंडा-माफिया नजर नहीं आता। उन्होने यह भी कहा की लड़कियां अब आधी रात को गहने पहनकर स्कूटी लेकर निकल सकती हैं। लेकिन पिछले 24 घंटे के भीतर ही अयोध्या, कन्नौज में लड़कियों से अपराध की बात सामने आई। वहीं अब लखीमपुर में तीन लड़कियां गायब हैं।

लखीमपुर खीरी में तीन लड़कियों के एक साथ लापता होने की घटना सामने आई है। तीनों लड़कियां स्कूल के लिए निकली थीं। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है, लेकिन अब तक कोई भी सुराग हाथ नहीं लग सका है और न ही लड़कियों के गायब होने के पीछे की वजह का पता ही लग पाया है। तीनों घर से स्कूल के लिए निकली छात्राएं जब देर शाम तक घर नहीं पहुंचीं, तब परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

तहरीर मिलते ही सीओ निघासन सुबोध जायसवाल और प्रभारी निरीक्षक आर के पटेल ने छानबीन और खोज शुरू की। सीओ ने पुलिस अधीक्षक विजय ढुल को भी मामले की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय ढुल निघासन कोतवाली पहुंचे। लड़कियों के परिजनों से मिलकर पूछताछ की और जानकारी ली। लड़कियों की सहेलियों और मिलने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

एसपी विजय ढुल ने जनज्वार को बताया कि 'निघासन कस्बे के सीओ सुबोध कुमार जायसवाल के नेतृत्व में चार पुलिस की टीम को लगाया है। एसपी भी इस पूरे मामले की खुद ही निगरानी कर रहे हैं। सूचना मिली थी कि कक्षा 9 की तीन छात्राएं सुबह स्कूल के लिए निकली थीं, जो घर नहीं लौटी, उनके माता-पिता ने शिकायत दर्ज करवाई है। मैंने पुलिस की टीम को तलाशी में लगाया है। घटना स्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की जांच चल रही है।'

पुलिस ने जारी की फोटो

पुलिस ने इस संबंध में स्कूल प्रशासन के लोगों और गायब लड़कियों की साथी छात्राओं से भी बातचीत की है। तीनों लड़कियों के फोटो भी जारी किए गए हैं, जिनके साथ उनसे संबंधित डिटेल भी हैं। लोगों से लड़कियों के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

शाम 6 बजे दी गई तहरीर

निघासन कस्बे के एक स्कूल में पढ़ने वाली तीन छात्राएं सुबह घर से स्कूल के लिए निकली थीं, पर तीनों स्कूल नहीं पहुंची और गायब हो गईं। परिजनों को चिंता हुई तो ढूंढना शुरू किया गया। सफलता न मिलने पर शाम 6 बजे पुलिस को तहरीर दी गई है, जिसके बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है।

Tags:    

Similar News