Landslide In Uttarakhand : उत्तराखण्ड में भूस्खलन से तीन महिलाएं मिट्टी में दफन, रुद्रप्रयाग-टिहरी जिला बॉर्डर का है मामला

Landslide In Uttarakhand : आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि रेस्क्यू अभियान जारी है और एक महिला माला देवी का शव बरामद किया गया है जबकि दो महिलाएं अभी भी मिट्टी के मलवे में दबी हुई हैं....

Update: 2022-03-03 15:21 GMT

उत्तराखण्ड में भूस्खलन से तीन महिलाएं मिट्टी में दफन, रुद्रप्रयाग-टिहरी जिला बॉर्डर का है मामला

Landslide In Uttarakhand : उत्तराखण्ड के रुद्रप्रयाग जिले (Rudraprayag) की टिहरी सीमा से जुड़े चिरबटिया लुठियाग गांव में भूस्खलन (Landslide) की चपेट में तीन महिलाएं दब गई हैं। महिलाओं के मिट्टी के ढेर में दबने की खबर मिलते ही हड़कम्प मच गया। ग्रामीणों ने हादसे की खबर जिला प्रशासन को दी तो सूचना मिलने पर आपदा प्रबंधन विभाग (Department Of Disaster Management Uttarakhand) की टीम के साथ सरकारी अमला मौके पर पहुंच गया। रेस्क्यू टीम (Rescue Team) ने तीनों महिलाओं के शव बरामद कर लिए है।

मिली जानकारी के अनुसार रुद्रप्रयाग के चिरबटिया लुठियाग गाँव (Luthiyag Village) की माला देवी पत्नी रतन सिंह, आशा देवी पत्नी दिनेश सिंह तथा सौंणा देवी पत्नी पूरन सिंह गांव की ही कुछ महिलाओं के साथ गांव के बाहर की एक चट्टान से अपने घर के लिए मिट्टी लेने गई थी। सभी महिलाएं अपने कुदाल से मिट्टी निकल ही रहीं थी कि अचानक से चट्टान का पूरे का पूरा हिस्सा भरभराकर महिलाओं के ऊपर गिर गया। अचानक हुए इस भूस्खलन से चट्टान के नीचे की ओर मिट्टी खोद रहीं तीन महिलाओं को संभलने तक का मौका नहीं मिला। जिससे तीनों महिलाएं मिट्टी के नीचे दब गई। जबकि साथ की दो अन्य महिलाओं ने मौके से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।

मौके से जान बचाकर भागी महिलाओं ने जब इस हादसे की खबर ग्रामीणों को दी तो इस भूस्खलन की स्थानीय लोगों ने तत्काल जिला प्रशासन को खबर की। जिसके बाद आपदा प्रबंधन की टीम बचाव के लिए मौके पर पहुंची। सूचना पर एसडीआरएफ, पुलिस तथा तहसील प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य में जुटी।

आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि रेस्क्यू अभियान जारी है और एक महिला माला देवी का शव बरामद किया गया है। जबकि दो महिलाएं अभी भी मिट्टी के मलवे में दबी हुई हैं। इन महिलाओं की तलाश में राहत बचाव टीम आस-पास से मिट्टी हटाने का काम कर रही है।

बताया जा रहा है कि पहाड़ी से भारी मलबा आया हुआ है। जिससे रेस्क्यू कर रही टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर पहुंचने के दो घण्टे बाद तक रेस्क्यू टीम खासी मशक्कत के बाद एक शव को ही मलवे से निकाल पाई है। जबकि अन्य दो महिलाओं का फिलहाल अभी तक कोई पता नहीं चल पा रहा था। खासी मशक्कत के बाद देर शाम तक तीनों शव बरामद किए जा चुके थे।

एसडीएम ऊखीमठ परमानंद राम ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों शव निकाल दिए गए हैं। जहां घटना हुई वह क्षेत्र टिहरी जिले में पड़ता है इसलिए इस संबंधित क्षेत्र से राजस्व टीम बुलाई गई है। दोनों जगहों की टीमों की मौजूदगी में शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया जाएगा।

Tags:    

Similar News