मध्यप्रदेश में कांग्रेस विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी भाजपा में हुए शामिल, सिंधिया ने जतायी खुशी

मध्यप्रदेश में फिर एक कांग्रेस विधायक पाला बदल कर भाजपा में शामिल हो गए हैं...

Update: 2020-07-12 12:04 GMT

जनज्वार। मध्यप्रदेश में एक और कांग्रेस विधायक पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो गए। छतरपुर जिले के बड़ा मलहरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी रविवार को कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान चौहान ने मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। प्रद्युम्न के इस कदम का कांग्रेस से भाजपा में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्वागत किया है।

सिंधिया ने इस संबंध में ट्विटर पर लिखा है कि वे प्रद्युम्न सिंह लोधी का कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल होने का हृदय से अभिनंदन करते हैं।

प्रद्युम्न ने कांग्रेस छोड़ने के साथ विधायक पद भी छोड़ दिया। उनका इस्तीफा प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने स्वीकार कर लिया। सीएम शिवराज व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलायी।

प्रद्युम्न ने कहा है कि वे बुंदेलखंड के विकास के लिए भाजपा में शामिल हुए हैं। भाजपा ने बुंदेलखंड के विकास के लिए जो रोडमैप तैयार किया है, उससे बुंदेलखंडवासियों को कई सुविधाएं मिलेंगी।

उपचुनाव के पहले कांग्रेस के लिए इसे एक और झटका माना जा रहा है। राज्य में अब 25 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा।

प्रद्युम्न सिंह जब पिछले दिनों मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से मिलने पहुंचे थे तभी यह संभावना जतायी जा रही थी कि वे कांग्रेस छोड़ सकते हैं। 

बुंदेलखंड इलाके में लोधी वोटर अच्छी संख्या में हैं। ऐसे में प्रद्युम्न के पाला बदलने का नुकसान कांग्रेस को उठाना पड़ सकता है।

कांग्रेस के ज्यादातर पार्टी छोड़ने वाले विधायक ग्वालियर बुंदेलखंड संभाग के ही हैं।

Tags:    

Similar News