सुशांत के बैंक खाते और सोशल मीडिया एकाउंट को खंगाल रही पुलिस, जानिए क्या लिखा है FIR में

पटना पुलिस रिया की तलाश कर रही है। एक फ्लैट पर वह नहीं मिली, पुलिस अब उसके दूसरे ठिकाने की तलाश में है। पुलिस सुशांत और रिया के दोस्तों की जानकारी भी जुटा रही है।

Update: 2020-07-29 08:27 GMT

File photo

जनज्वार ब्यूरो, पटना। सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर पटना पुलिस मुंबई में रिया चक्रवर्ती की तलाश में है। पुलिस रिया के एक फ्लैट पर पहुंची थी, पर वह वहां नहीं मिली। पुलिस उसके दूसरे ठिकाने का पता जुटा रही है। पुलिस सुशांत के बैंक खातों और सोशल साइट एकाउंट को भी खंगाल रही है, साथ ही सुशांत और रिया के दोस्तों की जानकारी जुटा रही है। टीम मुंबई में कुछ दिन रुक कर जांच कर सकती है। उनके पिता केके सिंह ने पटना के राजीव नगर थाने में जो FIR दर्ज कराई है, उसमें सुशांत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सुशांत का परिवार मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिला का रहने वाला है, पर अब वर्षों से पटना के राजीव नगर रोड नम्बर 6 में बने मकान में रहते हैं।

सुशांत के पिता की FIR में रिया समेत पांच लोग हैं आरोपित

सुशांत के पिता द्वारा दर्ज कराई गई FIR में सुशांत को आत्महत्या के लिए मजबूर करने, उनके खाते से 15 करोड़ रुपये निकाल लेने जैसे गंभीर आरोप हैं। पटना के राजीव नगर थाने में दर्ज इस FIR में रिया चक्रवर्ती, उसके परिजन इंद्रजीत चक्रवर्ती, शोविक चक्रवर्ती तथा रिया की करीबी सौमियल मिरांडा एवं श्रुति मोदी को आरोपित किया गया है।

IPC की गंभीर धाराओं के तहत दर्ज हुई है FIR

यह FIR आईपीसी की धारा 341, 342, 380, 406, 420, 306, 506 और 120 बी के तहत दर्ज कराई गई है। FIR में सुशांत के पिता केके सिंह ने कहा है कि सुशांत ने बताया था कि रिया और उसका परिवार उसे पागलखाने ले जाना चाहते थे। रिया द्वारा उसके खाते से 15 करोड़ रुपया निकाल लिया गया।

जानिए क्या लिखा गया है FIR में

1.सुशांत के बैंक खाते में 17 करोड़ रुपये जमा थे, कुछ ही समय में उस खाते से 15 करोड़ रुपये निकाल लिए गए। यह जांच की जाय कि रिया और उसके परिवार ने उस खाते से कितनी रकम निकाली है।

2.अगर सुशांत मानसिक रूप से बीमार थे तो उनके इलाज के लिए परिवार से संपर्क क्यों नहीं किया गया? परिवार की अनुमति क्यों नहीं ली गई?

3.अगर रिया को पता था कि सुशांत बीमार हैं तो उन्हें अकेला छोड़ कर क्यों चली गई? अपने साथ सुशांत की मेडिकल रिपोर्ट, एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड, एटीएम पिन आदि लेकर क्यों गई? उनके इस तरह से अचानक चले जाने और सारे संपर्क तोड़ लेने के कारण तो कहीं सुशांत ने सुसाइड नहीं कर ली?

4.FIR में सुशांत का इलाज कर रहे डॉक्टरों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा गया है कि कहीं वे सब भी तो रिया से मिले हुए नहीं थे। उन्होंने सुशांत को कौन-कौन सी दवाइयां दीं, इसकी जांच की जाय।

5.ऐसा क्या कारण रहा कि सुशांत की जिंदगी में रिया के आने के बाद उन्हें फिल्में मिलनी कम हो गईं?

FIR में रिया, उनके परिजनों की भूमिका को लेकर और कई आशंकाएं और सवाल दर्ज कराए गए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि रिया और उनके परिवार ने ऐसी घेराबंदी की थी कि सुशांत अपने परिवार के संपर्क में नहीं रह सके।

आगे क्या हो रहा, क्या कर रही है बिहार की पुलिस

बिहार पुलिस की टीम मुंबई पहुंची हुई है और वहां के थाने में दर्ज FIR की कॉपी प्राप्त कर चुकी है। पटना के SSP उपेंद्र शर्मा ने बताया कि सुशांत के पिता के बयान पर FIR दर्ज कर ली गई है। राजीवनगर थाना इंचार्ज निशांत सिंह सहित बिहार पुलिस की टीम मुंबई भेजी गई है। वहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जबतक जरूरत होगी, टीम वहीं रह सकती है

पटना के सिटी एसपी विनय तिवारी ने बताया कि जबतक जरूरत होगी, टीम वहां रुकेगी। हालांकि जांच प्रभावित होने की बात कह उन्होंने इससे ज्यादा जानकारी नहीं दी।

सूत्रों के अनुसार, पटना पुलिस की टीम सुशांत और रिया के मित्रों के बारे में जानकारी जुटा रही है। सुशांत के बैंक खातों की जांच की जा रही है और उनके सोशल मीडिया एकाउंट को खंगाला जा रहा है। पुलिस रिया के एक फ्लैट पर पहुंची थी, पर वह वहां नहीं मिली। अब पुलिस उसके दूसरे फ्लैट की जानकारी जुटा रही है।

Tags:    

Similar News