पंजाब में BJP MLA अरुण नारंग से किसानों ने की मारपीट, कपड़े फाड़ने के बाद मुंह पर कालिख पोतने का आरोप

भाजपा विधायक नारंग का आरोप है कि कुछ किसानों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और उन्हें लगभग नग्न कर दिया, भीड़ इकट्ठी हो जाने के कारण पुलिस को उन्हें बचाने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा...

Update: 2021-03-27 13:52 GMT
photo : social media

चंडीगढ़। पंजाब में भाजपा के एक विधायक अरुण नारंग की शनिवार 26 मार्च को मुक्तसर जिले के मलोट में किसानों के एक समूह द्वारा कथित रूप से पिटाई की गई और उनकी शर्ट फाड़ दी गई। यह जानकारी पुलिस ने दी।

जानकारी के मुताबिक पंजाब के अबोहर से विधायक अरुण नारंग संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करने के लिए मलोट गए थे, जिसका किसानों ने कड़ा विरोध किया।

इस मामले में पुलिस उपाधीक्षक (मलोट) जसपाल सिंह ने मीडिया को बताया कि वहां तैनात पुलिस अधिकारी नारंग को निकालकर सुरक्षित जगह ले गए। नारंग ने यह भी बताया कि उन्हें कुछ लोगों ने घूंसा मारा और उन लोगों ने उन पर काले रंग का तरल पदार्थ भी फेंका।

भाजपा विधायक नारंग का आरोप है कि कुछ किसानों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और उन्हें लगभग नग्न कर दिया। भीड़ इकट्ठी हो जाने के कारण पुलिस को उन्हें बचाने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। पुलिस ने अरुण नारंग को सुरक्षित निकाला और एक दुकान के अंदर बंद कर दिया।

गौरतलब है कि पंजाब में कृषि कानूनों के लेकर भाजपा नेताओं को भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले भी किसान भाजपा नेताओं का कड़ा विरोध जता चुके हैं। इससे पहले बरनाला में भी भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण बंसल को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा था।

मीडिया में आई खबरों के मुताबिक भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण बंस प्रेस कांफ्रेंस के लिए गये थे। लंबे समय से कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शनरत किसानों को जब उनके पहुंचने की भनक लगी तो वह रेस्ट हाउस के इर्द-गिर्द इकट्ठा हो गये और वहां जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से लोगों की भीड़ को वहां से हटाया।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा को भी किसानों का भारी विरोध झेलना पड़ा था। इसके अलावा पूर्व मंत्री ज्याणी के खिलाफ भी किसानाें ने धरना-प्रदर्शन किया और किसान घोषित तौर पर कह रहे हैं कि भाजपा नेता जहां भी जाएंगे, उनका विराेध किया जाएगा।

Tags:    

Similar News