कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माधव सिंह सोलंकी का 93 साल की उम्र में निधन, तीन बार बने थे गुजरात के सीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने माधव सिंह सोलंकी को गुजरात की राजनीति में दशकों तक बड़ा योगदान देेने वाला शख्स बताया है और किताबों में उनकी गहरी रुचि का उल्लेख किया है...

Update: 2021-01-09 06:03 GMT

जनज्वार। एक जमाने में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे माधव सिंह सोलंकी का 93 साल की उम्र में शनिवार, नौ जनवरी 2021 को निधन हो गया। माधव सिंह सोलंकी तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री व देश के विदेश मंत्री रहे थे। सोलंकी 1991 से 1992 के बीच देश के करीब नौ महीने के लिए विदेश मंत्री रहे थे। गांधीनगर में शनिवार सुबह उन्होंने आखिरी सांस ली।

वे 1976, 1980 और फिर 1989 में तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित विभिन्न प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें याद किया।

उनके निधन पर प्रधानंत्री ने ट्वीट किया, माधव सिंह सोलंकी बेहतरीन नेता थे, उन्होंने दशकों तक गुजरात की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समाज के प्रति उनकी समृद्ध सेवा के लिए उन्हें याद किया जाएगा। उनके निधन से दुःखी हूं। प्रधानमंत्री ने लिखा, उनके पुत्र भरत सोलंकी से बात की और संवेदना व्यक्त की।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि राजनीति से इतर माधव सिंह सोलंकी को पढने में मजा आता था...जब भी उनसे मिलता या उनसे बात करता हम किताबों के बारे में बात करते और मुझे हाल ही में पढी जाने वाली एक नयी किताब के बारे में बताते। मैं हमेशा हमारे बीच हुई बातचीत को संजो कर रखूंगा।

राहुल गांधी ने लिखा, माधव सिंह सोलंकी कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने में अपने योगदान और उसे बढावा देने व सामाजिक न्याय के लिए याद किए जाएंगे। उन्होंने उनके परिवार व मित्रों के प्रति सांत्वना प्रकट की।


Tags:    

Similar News