मुस्लिमों के खिलाफ भड़काऊ नारेबाजी के मामले में पूर्व भाजपा नेता अश्विनी उपाध्याय समेत 6 गिरफ्तार

डीसीपी दीपक यादव ने बताया कि जंतर मंतर के पास एक संप्रदाय के खिलाफ कुछ लोगों द्वारा भड़काऊ नारेबाजी का वीडियो सामने आया था। इस मामले में 8 अगस्त को हमने एक एफआईआर दर्ज की थी....

Update: 2021-08-10 09:49 GMT

( वायरल वीडियो में भड़काऊ नारेबाजी करते हुए आरोपी)

जनज्वार। दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम समुदाय के खिलाफ भड़काऊ नारेबाजी के मामले में दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के वकील और पूर्व भाजपा नेता अश्विनी उपाध्याय समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है कि सभी छह आरोपियों अश्विनी उपाध्याय, विनोद शर्मा, दीपक सिंह, विनीत क्रांति, प्रीत सिंह, दीपक को आज औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार 9 अगस्त को उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

डीसीपी दीपक यादव ने बताया कि जंतर मंतर के पास एक संप्रदाय के खिलाफ कुछ लोगों द्वारा भड़काऊ नारेबाजी का वीडियो सामने आया था। इस मामले में 8 अगस्त को हमने एक एफआईआर दर्ज की थी। वीडियो की जांच करने के बाद छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, इन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

बता दें कि भड़काऊ नारेबाजी का वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में दिख रहा था कि 'भारत जोड़ो आंदोलन' के बैनर तले यह कार्यक्रम किया गया। बैनर पर लिखा था- "भारत बचाओ आंदोलन, देशहित में 5 कानून की मांग करते हैं- समान शिक्षा, समान नागरिकता, घुसपैठ नियंत्रण, धर्मांतरण नियंत्रण, जनसंख्या नियंत्रण।"

बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम सुप्रीम कोर्ट के वकील और भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली ईकाई के पूर्व प्रवक्ता अश्विनी उपाध्याय की ओर से आयोजित किया गया था।

हालांकि अश्विनी उपाध्याय ने इस वीडियो को लेकर कहा था कि उनके कार्यक्रम में इस तरह के कोई भड़काऊ भाषण नहीं दिए गए। वह खुद दिल्ली पुलिस से इस विषय को लेकर शिकायत कर रहे हैं और जो लोग भी इस मामले में शामिल हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

Tags:    

Similar News