यौन उत्पीड़न के आरोपी युवक ने जमानत पर बाहर आते ही शिकायतकर्ता युवती को मार दी गोली

सेक्सुअल हरासमेंट के आरोपी युवक ने जमानत पर छूटते ही आरोप लगाने वाली युवती की गोली मारकर हत्या कर दी, घटना प्रदेश के सागर जिले की बताई जा रही है, 24 वर्षीय युवक शिकायतकर्ता युवती को गोली मारकर फरार हो गया..

Update: 2021-09-02 14:08 GMT

यौन उत्पीड़न के आरोपी ने जमानत पर बाहर आते ही शिकायतकर्ता युवती को मार दी गोली (प्रतीकात्मक तस्वीर)


जनज्वार। मध्यप्रदेश से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां सेक्सुअल हरासमेंट के आरोपी एक युवक ने जमानत पर छूटते ही आरोप लगाने वाली युवती की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना प्रदेश के सागर जिले की बताई जा रही है। 24 वर्षीय युवक शिकायतकर्ता युवती को गोली मारकर फरार हो गया। 

आरोपी युवक रोहित राजपूत बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित राजपूत ने 21 साल की शिकायतकर्ता युवती को गोली मार दी है। बताया जा रहा है कि मृतका ने ही रोहित राजपूत पर यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था। इस मामले में रोहित राजपूत एक महीने पहले जमानत पर रिहा हुआ था। सागर के पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह ने कहा कि घटना के वक्त जब महिला के घरवालों ने युवक के हाथ से बंदूक छीनने की कोशिश की तब वो पत्थर बरसाते हुए वहां से फरार हो गया।

गोली लगने के बाद युवती को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबरों के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने कहा, "पुलिस ने रोहित को तीन महीने पहले पकड़ा था। इस युवक के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराया गया था। वो फिलहाल जमानत पर बाहर था। शिकायकर्ता को गोली मारने के बाद से रोहित राजपूत फरार है पुलिस उसे तलाश करने की कोशिश कर रही है।"

लड़की के भाई ने ही इस हत्या के बारे में पुलिस को जानकारी दी। उन्होंने कहा, "रोहित राजपूत उनके इलाके में ही रहता था। रोहित लंबे समय से मेरी बहन को परेशान कर रहा था। वो मेरी बहन पर उससे शादी करने का दवाब बना रहा था। इतना ही नहीं शादी नहीं करने पर वो उसे अंजाम भुगतने की धमकी भी दे रहा था। तीन महीने पहले मेरी बहन ने यह बात परिवार वालों को बताई थी। इसके बाद हमने थाने में जाकर शिकायत दर्ज करवाई थी।"


Tags:    

Similar News