UP Election 2022 : योगी बोले - पश्चिम यूपी में गन्ना और जिन्ना की लड़ाई, अखिलेश सत्ता में आए तो अयोध्या का नाम बदल देंगे

UP Election 2022 : समाजवादी पार्टी के शासनकाल में मथुरा और काशी में विकास कार्यों को रोक दिया गया था। सपा का मतलब है भाई भतीजावाद और गुंडाराज।

Update: 2021-11-27 08:58 GMT

योगी ने कहा - अखिलेश सत्ता में आए तो अयोध्या का नाम बदल देंगे। 

UP Election 2022 : एक टीवी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( CM Yogi Adityanath ) ने अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा है कि पश्चिम उत्तर प्रदेश में ​गन्ना और जिन्ना ( Ganna and Jinnah ) की लड़ाई है। इसके साथ ही उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि अगर यूपी में सत्ता में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ( Akhilesh Yadav ) आए तो अयोध्या का नाम बदल देंगे। उन्हें अयोध्या से सख्त नफरत है। इसका उदाहरण पहले भी पेश कर चुके हैं। हमें आपको बताने की जरूरत नहीं है।

समाजवादी पार्टी के शासनकाल में मथुरा और काशी में विकास कार्यों को रोक दिया गया था। सपा का मतलब है भाई भतीजावाद और गुंडाराज। सपा सरकार में आतंकवादियों के मुकदमे वापस होते थे। किसानों का उत्पीड़न होता था।

सपा के काल में 300 दंगे हुए थे

सीएम योगी ने कहा कि सपा के शासन में 300 दंगे हुए थे। ये दंगे जिन्ना के अनुयायियों ने करवाए थे। उन्होंने कहा कि राजनीति में कुछ चेहरे ऐसे हैं जो बीजेपी के हर फैसले का विरोध करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने किसान आंदोलन के सवाल पर कहा कि राकेश टिकैत परिवार ने कृषि कानूनों का समर्थन किया था। राकेश टिकैत खुद उनसे मिले थे और फार्म लॉ पर खुशी जाहिर की थी। बाद में उनका मन बदल गया।

गरीबों का राशन सैफई चला जाता था

गोंडा में कटरा के मैजापुर चीनी मिल में 450 करोड़ रुपए के एथनॉल प्लांट के शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास और सबकी खुशहाली के कार्य होते हैं। गरीबों को मुफ्त में आवास, शौचालय, गैस, बिजली कनेक्शन और राशन मिल रहा है। सपा सरकार में गरीबों का राशन सैफई चला जाता था। भूख से मौत होती थी और किसान को उपज का सही मूल्य नहीं मिलता तो किसान आत्महत्या कर रहे थे। अब ऐसा नहीं होता।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब किसान गन्ना के साथ पेट्रोल और डीजल भी पैदा करेंगे। पहले डीजल और पेट्रोल के लिए रुपए विदेश जाते थे अब किसानों की जेब में जाएंगे। एथनॉल प्लांट से किसानों को तरक्की होगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

2017 से पहले पर्व और त्योहार पर दंगे होते थे

2017 के पहले पर्व और त्योहार पर दंगे होते थे। अब पर्व व त्योहार पर शांति है, आतंकियों को उनके घर में घुसकर मारा गया। पर्व व त्योहार को लोगों ने पूरे उत्साह से मनाया। जहां पूरे विश्व के कई देश कोरोना से तबाह हैं लेकिन यहां लोगों की आस्था से कोरोना का खात्मा हो गया। पीएम मोदी ने लोगों को मुफ्त में कोरोना से सुरक्षा के लिए वैक्सीन दिया। उन्होंने हाथ उठवाकर पूंछा कि कितने लोगों ने टीका लगवाया। योगी ने बताया मुफ्त में 15 करोड़ लोगों को प्रदेश में टीका दिया जा चुका है।

 अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर बन रहा है। गोंडा में किसी ने सोचा नहीं था कि मेडिकल कॉलेज बनेगा। उसे पूरा किया और मैं खुद मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करने आया। कोरोना काल में मैं तीन बार गोंडा आया और लोगों का हाल लिया। पार्टी के लोग दिन रात जनता के बीच जुटे रहे। उस समय कांग्रेस, सपा व बसपा के लोग छुपे रहे, विपत्ति के समय जनता का हाल नहीं लिया।

Tags:    

Similar News