यूपी के लखीमपुर खीरी में स्कूल गई लड़की की मिली सिरकटी लाश, एक पैर भी गायब

लड़की कल घर से इंटरमीडिएट के स्कालरशिप का फार्म ऑनलाइन भरवाने के लिए बेहजम गयी हुई थी, जहा से गायब हो गयी। देर शाम तक भी जब लड़की वापस घर नहीं लोटी तो घर वाले उसे फोन करते रहे....

Update: 2020-08-25 12:03 GMT

मनीष दुबे की रिपोर्ट

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश में अपराध रूकने थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अपराध पुरूष को लेकर हो, महिला का हो या फिर पत्रकारों को लेकर हो चरम पर है। ताजा मामला लखीमपुर खीरी में स्कूल में छात्रवृत्ती का फार्म भरने गई 19 साल की लड़की का है। लड़की कल 24 अगस्त को सुबह साढ़े आठ नौ बजे घर से स्कूल के लिए निकली थी जिसकी आज सुबह लगभग सात बजे लाश मिली है।

सपना उम्र 19 वर्ष पुत्री चित्रकुमार नीमगाँव के किसान इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। जाति से धोबी चित्रकुमार के तीन बच्चों में दो लड़कियां तथा एक पुत्र है जो नाबालिग है। बड़ी लड़की की शादी हो चुकी थी। घर में दो बीघा जमीन के अलावा चित्रकुमार मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। पूरा परिवार खीरी के नीमगाँव स्थित ग्राम धवरपुर पोस्ट बेहजम में रहता है।

लड़की कल घर से इंटरमीडिएट के स्कालरशिप का फार्म ऑनलाइन भरवाने के लिए बेहजम गयी हुई थी, जहा से गायब हो गयी। देर शाम तक भी जब लड़की वापस घर नहीं लोटी तो घर वाले उसे फोन करते रहे। फ़ोन पर घंटी जाती रही लेकिन मोबाईल नहीं उठा। रात में परिवार के लोगो ने ढूढने के बाद बेहजम पुलिस चौकी पर शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद मोबाइल पर सर्विलांस के माध्यम से पुलिस ने ढूढने का प्रयास किया। बावजूद इसके लोकेशन ट्रैस होने के बाद भी लड़की नही मिली। तत्पश्चात पुलिस ने सुबह ढूढने की बात की और सुबह लड़की की सर कटी अर्धनग्न अवस्था में लाश एक खेत में पड़ी मिली।


लड़की के पिता चित्रकुमार पुत्र मिश्रिलाल का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है। पता नहीं किस बात को और किसने घटना को अंजाम दिया है। वहीं लड़की के अन्य रिश्तेदार ने जनज्वार को फोन पर बताया कि जब सुबह हम लोगों को लाश मिली तो उसकी गर्दन किसी धारदार चीज से कटी हुई थी। एक पाँव नहीं था पता नहीं कोई जानवर खा गया या कोई और।

पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्द कर लिया है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है। पुत्री की इस तरह हत्या के बाद पूरा परिवार सदमें में है। थानाध्यक्ष नीमगाँव का कहना है कि सारी स्थिति पोस्टमार्टम के बाद सामने आएगी। किस चीज से गर्दन काटी गई है, मृतका से बलात्कार हुआ है अथवा नहीं।  

Tags:    

Similar News