Kanpur News: लाठी-डंडा, चप्पल, गोली वाले बयान पर BJP विधायक महेश त्रिवेदी के खिलाफ दर्ज हुई FIR

FIR In BJP MLA Mahesh Trivedi: वायरल हुए वीडियो की तफ्तीश भी शुरू कर दी गई है। बता दें कि भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी को इस बार भी पार्टी ने किदवई नगर से टिकट दी है...

Update: 2022-01-31 03:28 GMT

(BJP विधायक महेश त्रिवेदी पर दर्ज हुआ मुकदमा)

FIR In BJP MLA Mahesh Trivedi: कानपुर के किदवई नगर से भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी (BJP MLA Mahesh Trivedi) द्वारा भड़काऊ बयान दिये जाने को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। बता दें की महेश त्रिवेदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बीते दिन वायरल हुआ था। इस वीडियो में महेश त्रिवेदी ने कहा था, लाठी-डंडा, चप्पल से मार लेना लेकिन गोली मत मारना। विधायक के इस बयान ने बड़ी सुर्खियां बटोरी थीं।

चुनाव आयोग (Election Commision) की तरफ से करवाई गई जांच में आचार संहिता के उल्लंघन और धमकी देने की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर की तहरीर पर उनके खिलाफ नौबस्ता थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। साथ ही वायरल हुए वीडियो की तफ्तीश भी शुरू कर दी गई है। बता दें कि भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी को इस बार भी पार्टी ने किदवई नगर से टिकट दी है।

क्या कहा था वायरल वीडियो में?

भाजपा से विधायक और अब प्रत्याशी बनाए गये महेश त्रिवेदी ने चुनावी बैठक में माइक पर कार्यकर्ताओं का आह्वान किया और कहा- इस बार जो आतताई लोग है, एकतरफा बात करने वाले लोग हैं। जो ताकत का दुरुपयोग करने वाले लोग है। उन्हें लाठी, डंडे, चप्पलों से मारो, बस गोली ना मारना। बाकी सब हम देखेंगे। खुले मंच से वह विरोधियों को धमकाते और कार्यकर्ताओं को मारपीट के लिए उकसाते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में वह कह रहे हैं कि विरोधियों को खासकर जो यहां कांग्रेस है, उसे खत्म करने के लिए हम लोग कदम बढाएं। आप चिंता ना करें हम, हमारी फौज, विचारधारा, संगठन साथ में है, बस गोली ना मारना और हर तरह से हम देखेंगे। अपने भाषण में उन्होंने दो बार बस गोली ना मारना का उल्लेख किया। बैठक में मौजूद पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उत्साह से तालियां भी बजा रहे हैं। इस वीडियो में उनके साथ भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष डा. वीना आर्या, पूर्व जिलाध्यक्ष रामदेव भी नजर आ रहे हैं।

प्रकरण में भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह का कहना है कि ऐसा वीडियो उन्होंने अभी देखा नहीं है। वहीं दक्षिण जिलाध्यक्ष डा वीना आर्या ने कहा कि उन्हें याद नहीं आ रहा है कि ऐसी बात कहां कही गई।

विधायक ने सफाई भी दी थी

वायरल वीडियो को अपना ही बताते हुए विधायक महेश त्रिवेदी ने कहा कि जो आतताई लोग हैं जो एक तरफा बात करने वाले लोग हैं जो भय को बढ़ाने वाले लोग हैं अगर हमारा कार्यकर्ता उनको अनुशासन को लेकर खड़ा हो जाए और अगर डंडा भी लेकर खड़ा हो जाए तो हम उनके साथ हैं। यह मैने कहा है। उन्होंने बात दोहराते हुए कहा महेश त्रिवेदी कभी पलटते नहीं है। कि आतताइयों को ठीक करने के लिए अगर हमार समर्थक डंडा भी इस्तेमाल करेगा, चप्पल भी इस्तेमाल करेगा, जूता भी इस्तेमाल करेगा तो हम अपने कार्यकर्ता के लिए लड़ेंगे और मरेंगे।

Tags:    

Similar News