वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोतीलाल बोरा का निधन, कल ही मनाया था 93वां जन्मदिन

1993 में मोतीलाल वोरा ने उत्तर प्रदेश के गवर्नर के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी और 3 साल तक वह यूपी के राज्यपाल थे। इसके अलावा वोरा केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी संभाल चुके हैं...

Update: 2020-12-21 10:56 GMT

जनज्वार। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल बोरा का निधन हो गया है। 93 साल की उम्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल बोरा ने आज 21 दिसंबर को दिल्ली के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली।

स्वास्थ्य खराब होने के बाद मोतीलाल वोरा का दिल्ली के फोर्टिस एस्कॉर्ट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। कल ही उनका जन्मदिन भी था और उन्होंने 93 साल पूरे किये थे।

उनके निधन के बाद उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का सोशल मीडिया पर तांता लग गया है, राजनेता उन्हें तरह-तरह से याद कर रहे हैं।  कुछ समय पहले वे कोरोना पॉजिटिव भी हुए थे, मगर तब ठीक होकर ठीक हो गये थे। उस वक्त उनका इलाज एम्स, दिल्ली में किया गया था।

उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा, 'वोरा जी एक सच्चे कांग्रेसी और अद्भुत इंसान थे। हम उन्हें बहुत मिस करेंगे. उनके परिवार और दोस्तों को मेरा प्यार...'

मोतीलाल वोरा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश के राज्यपाल भी रह चुके हैं। उन्हें गांधी परिवार के बेहद करीबी माना जाता है। मोतीलाल वोरा लंबे समय तक कांग्रेस में कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालते रहे थे, लेकिन साल 2018 में बढ़ती उम्र का हवाला देते हुए राहुल गांधी ने मोतीलाल वोरा से कोषाध्याक्ष की जिम्मेदारी लेकर अहमद पटेल को दे दी थी। हालांकि अब उनका भी निधन हो चुका है।

गौरतलब है कि राजनीति में आने से पहले मोतीलाल वोरा पत्रकार थे। मोतीलाल वोरा ने लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी के संगठन में काम किया। वह गांधी परिवार के वफादार माने जाते थे। 1993 में मोतीलाल वोरा ने उत्तर प्रदेश के गवर्नर के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी और 3 साल तक वह यूपी के राज्यपाल थे। इसके अलावा वोरा केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी संभाल चुके हैं।

Tags:    

Similar News