पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष सोमेन मित्रा की इलाज के दौरान मौत

सोमेन मित्रा का कोविड टेस्ट निगेटिव आया था, हालांकि वे अन्य दूसरी बीमारियों से पीड़ित थे...

Update: 2020-07-30 03:32 GMT

जनज्वार। पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष सोमेन मित्रा की गुरुवार (30 July 2020) तड़के कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया। 78 वर्षीय सोमेन मित्रा को हृदय एवं उम्र जनित बीमारियों के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका कोविड19 टेस्ट भी कराया गया था, जो निगेटिव आया था।

नियमित जांच के दौरान क्रिएटिनिन बढा हुआ पाया गया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि इलाज के दौरान उनके स्वास्थ्य में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ। अस्पताल से जुड़े एक अधिकारी कने अनुसार, सोमेन मित्रा क्राॅनिक आब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) के मरीज थे और उन्हें अधिक उम्र से जुड़ी हुई अन्य बीमारियां थीं।

अस्पताल में उनका निधन बुधवार-गुरुवार की मध्य रात्रि करीब डेढ बजे कार्डियक अरेस्ट के बाद हुआ। सोमेन मित्रा के परिवार में उनकी पत्नी व बेटा हैं।

परिवार के सदस्यों के अनुसार, कुछ साल पहले जब वे सांसद थे तो उनकी बाइपास सर्जरी करायी गई थी। उनके निधन पर पश्चिम बंगाल कांग्रेस की विभिन्न इकाइयों ने दुःख प्रकट किया है। 

सोमेन मित्रा तीन बार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बने और बंगाल के सबसे सीनियर नेताओं में गिने जाते थे। वे 1992-1996, 1996-1998 में प्रदेश अध्यक्ष रहे और वर्तमान कार्यकाल के लिए सितंबर 2018 में चुने गए थे। वे सात बार सियालदह विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी रहे। 2009 में वे तृणमूल उम्मीदवार के रूप में डायमंड हार्बर से लोकसभा चुनाव भी जीते थे।

2016 में तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ लेफ्ट-कांग्रेस गठजोड़ तैयार करने में उनकी अहम भूमिका थी। सोमेन मित्रा कांग्रेस से तृणमूल में ममता बनर्जी के साथ चले गए थे, लेकिन 2014 में वे फिर अपनी मूल पार्टी में वापस आ गए। 

मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने उनके निधन पर ट्वीट कर दुःख प्रकट किया है। उन्होंने उनके परिवार व शुभचिंतकों के लिए संवेदना जतायी है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर इस कठिन समय में उनके परिवार व दोस्तों के लिए प्यार व समर्थन जताया है। उन्होंने कहा है कि हम सोमेन मित्रा को प्यार, गर्व व सम्मान से याद करेंगे।


Tags:    

Similar News