नामी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर ने बोकारो में मारी दो लोगों को गोली, एक की मौत

Update: 2018-02-15 14:28 GMT

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल के बाद राजनीति में कदम रखने वाले अजय सिंह की छवि है दबंग राजनेता की...

बोकारो। झारखंड के बोकारो के स्थानीय आजसू नेता व पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अजय सिंह ने कल देर यानी 14 फरवरी को एक विवाद के दौरान दो लोगों को गोली मार दी। एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

पूर्व फुटबॉलर की गोली से मरे शख्स का नाम सुनील गुप्ता है, जो कि बोकारो के सेक्टर 9 में रहता था, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का नाम अमरेश कुमार सिंह है।

जानकारी के मुताबिक यह घटना कल देर रात बोकारो के हरला थाना क्षेत्र में घटी। आरोपित फुटबॉलर अजय सिंह फरार चल रहे हैं। घटना के बाद हुई छानबीन में पुलिस ने अजय सिंह के घर से एक कार्बाइन, तीन पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फरार होने के चलते पुलिस अजय सिंह की पत्नी पूर्व अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज ऐजेंला सिंहसे पूछताछ कर रही है।

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल के बाद राजनीति में कदम रखने वाले अजय सिंह की छवि दबंग राजनेता की है। अजय सिंह ने 2005 में आजसू से, 2009 में टीएमसी से और 2014 में निर्दलीय विधानसभा चुनाव लड़ा था. वर्तमान में यह पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर आजसू का केंद्रीय सचिव है।

अजय सिंह ने देश में बड़े फुटबॉलर के बतौर पहचान कायम की थी। इस पहचान ने राजनीति में अजय सिंह को पैर पसारने का मौका दिया। अजय मिडफील्ड खिलाड़ी रहे है। जुलाई 2016 में बोकारो में चिन्मया फुटबॉल एकेडमी की स्थापना करते हुए अजय सिंह ने कहा था कि उनका उद्देश्य एकेडमी के माध्यम से स्थानीय स्तर के खिलाड़ियों को चयनित कर उन्हें प्रशिक्षण देना और आगे बढ़ाना है।

गौरतलब है कि उनकी अकेडमी की खबर तब सुर्खियों में रही थी। अकेडमी शुरू करते समय उद्घाटन समारोह में खेल जगत की नामी हस्तियां शामिल हुई थीं। उदघाटन में भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री, झारखंड एसएआइ के डायरेक्टर सुशील वर्मा, झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के गुलाम रब्बानी शामिल हुए थे। अजय सिंह की एकेडमी में 20-30 फुटबॉलरों का चयन कर उन्हें अंडर-12 और अंडर-14 टीम में डालकर प्रशिक्षण देने का काम शुरू किया गया था।

Similar News