पूर्व फुटबॉलर वेन रूनी पर लगा दो साल का बैन

Update: 2017-09-18 16:41 GMT

पूर्व फुटबॉलर वेन रूनी ने शराब पीकर गाड़ी चलाने का अपना जुर्म कबूल भी किया, जिसके बाद उन्हें सजा दी गई...

इंग्लैंड के पूर्व फुटबॉलर वेन रूनी को शराब पीनी इतनी महंगी पड़ जाएगी, उन्होंने सोचा भी नहीं होगा। शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में स्टोकपोर्ट मजिस्ट्रेट कोर्ट ने दो साल के लिए उनकी ड्राइविंग पर बैन लगा दिया है। इतना ही नहीं रूनी को इसकी सजा के बतौर 100 घंटे का कड़ा श्रम भी करना होगा और इसके बदले उन्हें कोई मेहनताना भी नहीं दिया जाएगा।

गौरतलब है कि इंग्लैंड की फुटबॉल टीम के पूर्व खिलाड़ी वेन रूनी को शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में पुलिस ने कुछ दिन पहले गिरफ्तार किया था। शेशायर पुलिस के मुताबिक रूनी शराब पीकर काफी तेज गति से गाड़ी चला रहे थे। हालांकि तब रूनी को जमानत पर रिहा किया गया था।

वेन रूनी को ब्रिटेन के विल्मस्लो शहर की एलट्रिनचैम रोड से पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय वे काले रंग की वीडब्ल्यू बीटल कार चला रहे थे।

आज यानी 18 सितंबर को रूनी इसी मामले में मजिस्ट्रेट के सामने पेश हुए थे। मजिस्ट्रेट के सामने 31 वर्षीय रूनी ने शराब पीकर गाड़ी चलाने का अपना जुर्म कबूल भी किया, जिसके बाद उन्हें सजा दी गई।

इंग्लैंड फुटबॉल टीम की तरफ से सबसे ज्यादा गोल करने वाले फुटबॉलर रूनी ने अभी कुछ समय पहले ही इंग्लैण्ड की टीम से संन्यास लिया था। फुटबॉल में रूनी का अंतरराष्ट्रीय कैरियर 13 साल का रहा है।

मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व कप्तान रहे रूनी ने 119 अंतरराष्ट्रीय मैचों में इंग्लैण्ड के लिए 53 गोल करने का रिकॉर्ड कायम किया था। फ़रवरी 2003 में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ अंतरराष्ट्रीय फ़ुटबॉल में कदम रखने वाले रूनी ने 23 अगस्त, 2017 को अंतरराष्ट्रीय फ़ुटबॉल से संन्यास लिया है।

Similar News