झारखंड चुनाव 2019 : खूंटी की रैली में गरजे हेमंत सोरेन, भाजपा ने बनायी है जनता को भूखा-नंगा रखने की योजना

Update: 2019-11-30 13:03 GMT

झारखंड के खूंटी में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कांग्रेस प्रत्याशी संदीप गुड़िया के पक्ष में रैली, खूंटी के तोरपा में हेमंत सोरेन की हुई चुनावी सभा, 7 दिसम्बर को होगा चुनाव, गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में की वोट की अपील..

जनज्वार। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खूंटी के तोरपा में कांग्रेस उम्मीदवार संदीप गुड़िया के पक्ष में आज 30 नवंबर कोक एक रैली की। झारखंड में पांच चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। खूंटी विधानसभा पर 7 दिसंबर को मतदान होगा। रैली को संबोधित करते हुए सोरेन ने राज्य और केंद्र में सत्तासीन भाजपा पर जमकर हमले किए।

पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रैली को संबोधित करते हुए कहा, 'झारखंड से पहले महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनाव हुआ। हरियाणा 90 सीटों की विधानसभा है और महाराष्ट्र 250 से अधिक सीटों की विधानसभा है, उन दोनों राज्यों में एक दिन में ही पूरे राज्य में चुनाव संपन्न हुआ, लेकिन मात्र 81 सीट वाली झारखंड विधासभा के लिए पांच चरणों में हो रहा है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट रुप से कह दिया है कि राज्य के हालात ठीक नहीं है।

संबंधित खबर : झारखंड चुनाव 2019 : 6 हजार में 24 घंटे खटते हैं कोयला मजदूर, लेकिन चुनाव में नहीं कोई सवाल

हेमंत सोरेन ने आगे कहा, 'मौजूदा रघुवर सरकार विकास का ढिंढोरा पीट रही है। इस राज्य में विकास पांच साल में तो हुआ नहीं उल्टे पांच साल में यहां के आदिवासियों और झारखंडियों का विनाश जरुर हो गया है। इस सरकार के रहते-रहते जो कलंक इस राज्य पर आज तक नहीं लगा था वो भी लग गया है। किसान कभी इस राज्य में आत्महत्या नहीं करता था। आज किसान यहां आत्महत्या करने पर मजबूर हो गया। आज तक कभी यहां पर लोगों की भूख से मौत नहीं होती थी, लेकिन यहां पर लोग राशन कार्ड हाथ में लेकर भात-भात करके मर गए। गरीबों को अनाज नहीं मिला गोदाम में अनाज सड़ता रहा।

Full View आगे कहा, ' राज्य में बेरोजगारी इतनी बढ़ गई नौजवान डिग्री लेकर के ट्रेन के सामने कूदकर जान दे रहा है। केंद्र में भी सरकार भाजपा की ही है। डबल इंजन की सरकार का एक इंजन दिल्ली में है तो दूसरा झारखंड में। दोनों ने मिलकर देश और राज्य की स्थिति बद से बदतर कर दी। केंद्र सरकार कहती है कि रघुवर सरकार को हम लोगों ने पांच लाख करोड़ रुपये दिये, यह सुनकर मैं हैरान रह गया कि 4-5 लाख करोड़ रुपये आखिर गया कहां? वो पैसा यहां आया तो लोग भूख से क्यों मर गए? वो पैसा यहां आया तो 12 शिक्षकों की जानें क्यों चली गई, उनको वेतन मानदेय क्यों नहीं मिला? इतना पैसा आया तो हमारी आंगनबाड़ी सेविकाओं पर लाठी-डंडे क्यों बरसाए गए, उनको मानदेय क्यों नहीं दिया गया? इतना पैसा आया तो यहां पर बेरोजगारी क्यों बढ़ गई, फैक्ट्रियां क्यों बंद हो गई, छह महीने के भीतर लाखों लोग कैसे बेरोजगार हो गए?

संबंधित खबर : झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 - लोहारदगा के लोग बोले बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या, इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार

हेमंत सोरेन ने आगे कहा, 'जो लोकसभा चुनाव हुआ अ़डाणी ने भाजपा के उम्मीदवार को जिताकर दिल्ली भेजने का काम किया। इन लोगों ने झारखंडियों के साथ धोखा किया। आज आपने देखा कि किस तरह से भाजपा सरकार ईसाई-गैर ईसाई, हिंदू-मुस्लिमों के नाम पर लोगों को आपस में लड़वा रही है। इन सभी से सावधान रहना है। आदिवासी खतरे में हैं। झारखंड खतरे में है। ये लोग यहां पर हिंदू-मुस्लिम, भारत-पाकिस्तान, 370, राम मंदिर की बात करेंगे, लेकिन हम बात करेंगे कि इस राज्य का हर गरीब हमारे लिए राम है, उसकी टूटी हुई हर झोपड़ी हमारे लिए अयोध्या है। उसी झोपड़ी में हम अगरबत्ती-दिया जलाएंगे और अनाज का चढ़ावा चढ़ायेंगे और गरीब को आगे बढ़ाएंगे।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आगे कहा, 'आप देख रहे हैं कि रघुवर सरकार गांव के स्कूलों को बंद कर रही है और हजारों शराब के ठेके खोल रहे हैं। इधर स्कूल बंद और उधर शराब चालू। मतलब हम आदिवासी शराब ही पीते रहें, पढाई लिखाई न करें। इन्होंने बड़े पैमाने पर स्कूल बंद कर दिए, हमारे हजारों बच्चे पढ़ाई लिखाई से वंचित हो गए। अगर हमारी सरकार बनेगी तो उन सभी स्कूलों को चालू करेंगे और अपने बच्चों को शिक्षा देने का काम करेंगे।'

संबंधित खबर : झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 : टुंडी सीट पर जेएमएम की लहर, लोग बोले रघुवर सरकार में 50 साल पीछे चला जाएगा झारखंड

सोरेन ने आगे कहा कि हमारी सरकार आते ही सभी घोटालेबाज मंत्री मुख्यमंत्री जेल के अंदर होंगे। सत्तासीन बाजपा से लूट की कीमत सूद समेत वसूलेंगे। सोरेन यह भी कहा कि हमारी सरकार बनते ही हर गरीब को 3 लाख रुपये आवास बनाने के लिए देंगे। हमारी सरकार में 5 रुपये में भरपेट भोजन मिलता था, मगर भाजपा शासन में इतने की चाय भी नहीं मिलती। भाजपा ने जनता को भूखा और नंगा रखने की योजना बनायी है। गठबंधन से डरी भाजपा वोट जुटाने के लिए अलग-अलग तरीके अख्तियार कर रही है।

Tags:    

Similar News