अरे ये क्या भारत के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी!

Update: 2018-04-26 16:50 GMT

गूगल सर्च में India first PM लिखने पर आया नरेंद्र मोदी का फोटो तो मीडिया ने लिया आड़े हाथों, सवाल है कि आखिर कब से गूगल ने जवाहर लाल नेहरू की जगह मोदी का फोटा किया है अपडेट

दिल्ली। आज दिन तक आपको गूगल सर्च में देश के पहले प्रधानमंत्री के तौर पर मोदी की फोटो नजर आई हो तो आप भी चौंके होंगे, मगर यह सच है। गूगल “India first PM” सर्च करने पर नाम तो जवाहरलाल नेहरू का दे रहा था, मगर साथ में फोटो नरेंद्र मोदी की लगी हुई थी। हालांकि अब गूगल ने अपनी गलती सुधार ली है, मगर सवाल है कि इतनी बड़ी गलती आखिर गूगल कर कैसे सकता है।

हालांकि हममें से कइयों ने ये सर्च किया होगा, मगर किसी शख्स ने गूगल की इस गलती की तरफ गौर किया और सोशल मीडिया पर यह खबर देखते ही देखते वायरल हो गई। हालांकि यह कारस्तानी गूगल ने कब से की है, यह ठीक—ठीक पता नहीं चल पाया, आज भी किसी ने गौर नहीं किया होता तो मोदी जी का फोटो ही इंडिया के पहले प्रधानमंत्री की प्रोफाइल में विराजमान रहता।

गौरतलब है कि कल किसी ने गूगल पर जब “India's first PM” टाइप कर गूगल के सर्च इंजन में डाला तो जो पेज खुला उस पर सबसे पहले नाम तो पंडित जवाहर लाल नेहरू का आ रहा था, लेकिन फोटो भारत के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की थी।

हालांकि फोटो को छोड़कर अन्य सारी जानकारी जवाहर लाल नेहरू के बारे में ही थीं, मगर ऐसा कब से हो रहा है यह पता नहीं चल पा रहा। कल 25 अप्रैल पर जब किसी ने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्वीटर पर इसका स्क्रीनशॉट शेयर किया तो यह मुद्दा वायरल हो गया और लोग भारी मात्रा में इसे सर्च करने लगे। विवादों के बाद गूगल ने अपनी गलती स्वीकार ली है, और अब जवाहर लाल नेहरू का फोटो आने लगा है।

मोदी के पहले प्रधानमंत्री वाले फोटो के साथ लोग आश्चर्य व्यक्त कर तरह—तरह के सवाल पूछने लगे कि आखिर यह भारत में क्या हो रहा है। साथ ही ऐसा क्यों का सवाल भी मीडिया पर खूब वायरल हो रहा था।

इस पर जहां कुछ यूजर्स ने गूगल को टैग करते हुए तमाम सवाल उठाए तो कुछ का कहना है कि यह सब वर्ल्ड वाइड वेब की साजिशों के कारण हुआ। जिसका ध्यान इस गलती पर सबसे पहले गया उसने ट्वीटर पर ट्वीट किया कि गूगल सर्च में ऐसे ही “India's first pm” टाइप किया तो रिजल्ट में प्रधानमंत्री मोदी का फोटो नजर आया। गूगल भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जगह नरेंद्र मोदी की तस्वीर दिखा रहा था, जो गूगल की बहुत बड़ी गलती थी।

ट्विटर पर मचे इस मुद्दे के घमासान में कई ने मोदी को अब तक का सबसे योग्य प्रधानमंत्री बताते हुए बचाव किया तो किसी ने कहा कि यह मोदी का खौफ है कि बतौर पहला पीएम जवाहर लाल नेहरू की जानकारियों के साथ उनका फोटो चस्पां कर दिया। हालांकि लोग इस बात की चुटकी लेने से भी नहीं चूके कि क्या मोदी ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली।

ट्वीटर पर लोग कह रहे हैं क्या नरेंद्र मोदी की शक्ल जवाहर लाल से इतनी ज्यादा मिलती है या फिर वो कांग्रेस ज्वाइन करने वाले हैं, आखिर माजरा क्या है। 

खैर मजाक अपनी जगह है, मगर गूगल जिसे कि सबसे विश्वसनीय सर्च इंजन माना जाता है उसकी तरफ से ऐसी गलतियां असहनीय हैं। तभी तो लोग यह कमेंट करने से भी नहीं चूके कि लगता है गूगल टीम में भी कुछ भक्त पहुंच गए हैं, जिन्हें हर जगह मोदी नजर आने चाहिए।

Similar News