राहुल गांधी बने कांग्रेस के 49वें राष्ट्रीय अध्यक्ष

Update: 2017-12-16 11:39 GMT

कांग्रेस की कमान संभालने से पहले राहुल गांधी ने विजय दिवस के दिन 1971 में पाकिस्तान के साथ हुए युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी...

दिल्ली। राहुल थोड़ी ने आज औपचारिक तौर पर कांग्रेस के अध्यक्ष पद की कमान संभाल ली है। गौरतलब है कि राहुल गांधी को 11 दिसंबर को कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुना गया था। वे अपनी मां सोनिया गांधी की जगह कांग्रेस अध्यक्ष बनाए गए हैं।

राहुल को औपचारिक तौर पर अध्यक्ष चुने जाने के दौरान सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता मौजूद रहे। आज का दिन विजय दिवस के बतौर याद किया जाता है, क्योंकि आज ही के दिन 1971 में हुए युद्ध में सैनिकों ने पाकिस्तान पर विजय हासिल की थी।

कांग्रेस की कमान संभालने से पहले राहुल गांधी ने विजय दिवस के दिन 1971 में पाकिस्तान के साथ हुए युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट किया, 'आओ हम सब उन सैनिकों को याद करें, जो हर दिन भारत की स्वतंत्रता की रक्षा करते हैं।'

राहुल गांधी ने इसी महीने 4 दिसंबर को अध्यक्ष पद के चुनाव में नामांकन किया था।

उत्तर प्रदेश के अमेठी से लोकसभा सांसद 47 वर्षीय राहुल गांधी नेहरू-गांधी परिवार के छठे मेंबर हैं, जो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं। राहुल से पहले उनकी मां सोनिया गांधी, पिता राजीव गांधी, दादी इंदिरा गांधी, नानाजी जवाहर लाल नेहरू और परनाना मोती लाल नेहरू अध्यक्ष पद पर विराजमान रह चुके हैं। हालांकि आजाद भारत में वे कांग्रेस के 16वें अध्यक्ष बने हैं और कांग्रेस के अब तक के 49वें अध्यक्ष।

अध्यक्ष बनने के बाद राहुल के लिए सबसे बड़ी चुनौती 2019 का चुनाव होगा, जिसमें कांग्रेस को सत्ताधारी पार्टी की टक्कर में लाने के लिए उन्हें कार्यकर्ताओं के बीच नया उत्साह भर और जनता के बीच जाकर काम करना होगा। तभी वो कांग्रेस को वो मुकाम दिलाने में कामयाब हो पाएंगे जो अब इतिहास बन चुका है।

हालांकि गुजरात चुनाव से पहले राहुल गांधी की छवि जिस तरह से उभरी है, उससे उम्मीद की जानी चाहिए कि कांग्रेस उनकी अध्यक्षता में विकास को पथ पर अग्रसर होगी।

Similar News