'GST लागू करने के नाम पर 8 साल तक जनता से जबरन वसूली की गई और अब इसे कम करने का ढोल पीटा रहे हैं मोदी' केंद्र सरकार पर जमकर बरसे संजय सिंह

संजय सिंह बोले जनता से लूटे गए लाखों करोड़ रुपए उनके खातों में वापस करें मोदी, स्विट्जरलैंड की घड़ी, जर्मनी का पेन, इटली का चश्मा, अमेरिका का फ़ोन, विदेशी कार, हेलीकॉप्टर और विमान इस्तेमाल करने वाले मोदी जी आज स्वदेशी पर ज्ञान बांट रहे हैं...

Update: 2025-09-22 16:13 GMT

Sanjay Singh on New GST Rates : केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लगभग 375 वस्तुओं और सेवाओं पर GST दरों में कटौती की है, जिसे लेकर आप सांसद संजय सिंह ने जमकर निशाना साधा है। संजय सिंह ने एक वीडियो जारी कर कहा है, 'रात को 12 बजे देश में आजादी का जश्न मनाया गया। कहा गया देश को दूसरी आजादी मिल रही है। वाहवाही कीजिए सरकार की जश्न मनाइए। जीएसटी आया, जीएसटी आया, जीएसटी आया। इसी उत्साह के साथ भारत की सरकार ने और देश के प्रधानमंत्री ने जीएसटी देश के ऊपर लागू की। 2017 में। और जब यह जीएसटी लागू की गई तो इसका इतना बखान किया गया था, जैसे मालूम पड़ रहा था अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ी क्रांति आने वाली है देश के अंदर।'

संजय सिंह आगे कहते हैं, 'जीएसटी लागू करते हुए हम लोग चिल्ला रहे थे, कह रहे थे कि यह गलत हो रहा है। नहीं सुनी गई बात। मिडिल क्लास की कमर तोड़ दी गई। आम आदमी की कमर तोड़ दी गई। लाखों करोड़ रुपए टैक्स का बोझ इस देश की जनता के ऊपर लादा गया। जानबूझकर लादा गया और तब बताया गया जश्न मनाइए। खुश हो जाइए कि आपका टैक्स बढ़ाया जा रहा है। यह हुआ इस देश के अंदर और जीएसटी के नियमों में एक दो बार नहीं, सैकड़ों बार बदलाव करने पड़े। इसके अलावा डीजल के नाम पर, पेट्रोल के नाम पर लाखों करोड़ का टैक्स लिया गया और आज प्रधानमंत्री जी को आठ साल के बाद नींद से जागकर यह बताना पड़ रहा है कि नहीं, नहीं अब हम फिर एक क्रांतिकारी परिवर्तन लेकर आए हैं। देखिए, हमने जीएसटी कम कर दिया।

संजय सिंह सवाल करते हैं, 'तो बढ़ाया क्यों था? आठ सालों तक इस देश की जनता को लूटा क्यों था? प्रधानमंत्री जी जो लाखों करोड़ रुपए इस देश की जनता के जेब से टैक्स के नाम पर लूटा गया है, वह पैसा उनके खातों में वापस कीजिए। आपने अपने मित्रों, अपने दोस्तों को तो लाखों करोड़पति बना दिया। उनको रेल दे दिया, सेल दे दिया, बिजली दे दिया, पानी दे दिया, सड़क दे दिया, एयरपोर्ट दे दिया, पोर्ट दे दिया। सबकुछ दे दिया। इस देश की जनता को क्या दिया? उससे टैक्स के नाम पर अवैध वसूली की, तो इसलिए अब यह बखान मत कीजिये कि आप कोई बड़ा क्रांतिकारी परिवर्तन देश के अंदर लाने जा रहे हैं। टैक्स घटाने जा रहे हैं। जीएसटी घटाने जा रहे हैं। आपका कोई भरोसा नहीं है। कब आप क्या करेंगे? क्योंकि आपने देश की जनता का भरोसा खो दिया है। हर काम को बढ़ा चढ़ा कर प्रस्तुत करते हैं और नतीजा बिल्कुल जीरो निकलता है।

Full View

संजय सिंह मोदी पर आक्रामक होते हुए कहते हैं, 'अब आप स्वदेशी पर ज्ञान दे रहे हैं देश के लोगों को। बीएमडब्ल्यू की कारों का काफिला आपके साथ, विदेशी विमान आपके साथ, विदेशी हेलीकॉप्टर आपके साथ। इटली का चश्मा आप पहनेंगे। स्विट्जरलैंड की घड़ी आप लगाएंगे। जर्मनी की गाड़ियों में आप चलेंगे। अमेरिका का फोन आप इस्तेमाल करेंगे और ज्ञान देंगे देश के लोगों को। देश के लोगों स्वदेशी अपनाना है। शुरुआत अपने से कीजिए, इसलिए आपकी बातों का असर देश की जनता में कम हो रहा है, क्योंकि कथनी और करनी में जमीन और आसमान का अंतर है। खुद सारी सुख सुविधाएं भोगना है। विदेशी सामानों के ऊपर निर्भर रहना है।

संजय सिंह सुरक्षा मसले पर सवाल उठाते हुए कहते हैं, 'गलवान घाटी में हमारे जवान शहीद हो जाते हैं और उसके बाद आपने चीन के साथ 39 लाख करोड़ रुपए का व्यापार किया है। जब मैं 39 लाख करोड़ बोल रहा हूं तो देश की जनता अगर कहीं लिखना चाहेगी 39 लाख करोड़ रुपए तो जीरो लगाते लगाते आप थक जाओगे। अब आपको स्वदेसी याद आ रहा है। आपने चीन के साथ 39 लाख करोड़ रुपए का आयात किया है। चीन के सामान हिंदुस्तान में मंगाए हैं 39 लाख करोड़ रुपए के। हिंदुस्तान के व्यापारियों के व्यापार को आपने नष्ट किया है, तो कभी आपके लोग कहते हैं अब चीन के सामानों का बहिष्कार करो। अमेरिका से अच्छे संबंध हो जाते हैं। आप कहते हैं अमेरिका से सामान खरीदो, फिर कहते हैं अमेरिका के सामानों को बहिष्कार करो। आपकी नीति क्या है? किस ओर देश को लेकर जाना चाहते हैं आप?

टैरिफ बढ़ोत्तरी भी संजय सिंह मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहते हैं, 'अमेरिका ने 50% टैरिफ आपके ऊपर लगाया और आपने कपास के ऊपर लगने वाला 11% आयात शुल्क जीरो कर दिया। हिंदुस्तान के करोड़ों किसानों को बर्बाद कर दिया। यह आपकी अर्थनीति। यह आपका आर्थिक व्यवस्था के बारे में ज्ञान। इसलिए प्रधानमंत्री जी कृपा करके अब यह खोखली बातें और खोखले वादे करना बंद कीजिए और इस देश की जनता से आठ सालों में जो आपने टैक्स के नाम पर आपकी सरकार ने लूट किया है, वह पैसा जनता को वापस कीजिए। तभी इस देश का आम आदमी मजबूत हो सकता है।

Tags:    

Similar News