एपस्टीन फ़ाइल्स में मोदी से जुड़े दावों पर कांग्रेस हमलावर, पूछा 'अमेरिका के बाल यौन अपराधी और मानव तस्कर जेफ़री एपस्टीन जैसे घिनौने आदमी से देश के PM का संबंध क्यों?'

सुप्रिया श्रीनेत ने प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किया है, आपको जवाब देना होगा कि जेफ्री एप्स्टीन जैसे दुष्चरित्र और घिनौने आदमी से आपका रिश्ता कैसे है? आप ऐसे आदमी से किस बात की सलाह ले रहे थे? आप अमेरिकी राष्ट्रपति के कौन से फायदे के लिए इजराइल में नाच और गा रहे थे...

Update: 2026-02-01 06:00 GMT

PM Modi name mention in Epstein files : देश की मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने कल 31 जनवरी को यह दावा करके सनसनी मचा दी कि अमेरिका के बाल यौन अपराधी, सीरियल रेपिस्ट और मानव तस्कर जेफ़री एपस्टीन से जुड़ी फ़ाइल्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी नाम शामिल है। कांग्रेस के इस दावे के बाद से राजनीतिक माहौल काफी गर्मा गया है।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा है, ‘यह राष्ट्रीय शर्म का विषय है कि अमेरिका का दोषी मानव तस्कर, बाल यौन अपराधी और बलात्कारी जेफरी एपस्टीन यह लिखता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उसकी सलाह मानी और अमेरिकी राष्ट्रपति के लाभ के लिए इज़राइल में नाच-गाना किया। वे कुछ सप्ताह पहले मिले थे। यह काम कर गया। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर लिखा है, ‘यह मामला अब और भी ज़्यादा सनसनीखेज होता जा रहा है। प्रधानमंत्री की चुप्पी अस्वीकार्य है।

कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत प्रधानमंत्री मोदी पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहती हैं, 'ये कितना शर्मनाक है, इसका अंदाजा आप खुद लगाइएगा। एपस्टीन फाइल्स में अब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम आ गया है। अमेरिका के सीरियल रेपिस्ट, बाल यौन शोषण के अपराधी, मानव तस्करी के अपराधी जेफ्री एप्स्टीन ने 9 जुलाई 2017 को एक मेल में लिखा, "दि इंडियन प्राइम मिनिस्टर मोदी टू एडवाइस एंड डांस एंड साइं इन इजराइल फॉर द बेनिफिट ऑफ यूएस प्रेसिडेंट, दे हैड मेट फ्यू वीक्स अगो, इट वर्क्ड!"

हालांकि भाजपा नेता अमित मालवीय ने कांग्रेस की ओर से ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट को फर्जी करार देते हुए कहा है कि 'कांग्रेस का यह सनसनीखेज दावा तथ्यों को पूरी तरह से तोड़-मरोड़कर पेश किया जाना है कि जेफरी एपस्टीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में लिखा था कि मोदी ने एक अमेरिकी राष्ट्रपति के लाभ के लिए इजराइल में ‘नाचने और गाने’ को लेकर कथित तौर पर उनकी (एपस्टीन) ‘सलाह’ ली थी, जो तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत करना है।’

Full View

मालवीय कहते हैं, अमेरिकी अधिकारियों की ओर से जारी एपस्टीन से जुड़ी किसी भी फाइल से यह संकेत नहीं मिलता है कि मोदी ने कभी भी “नाचने, गाने या किसी अन्य चीज” के लिए एपस्टीन की व्यक्तिगत सलाह मांगी, ली या उस पर अमल किया, न ही ये फाइल दोनों के बीच किसी भी संवाद को दर्शाती हैं। सत्यापित रिकॉर्ड में एपस्टीन की ‘सलाह’ के बारे में कोई जिक्र नहीं है, नाचने या गाने का कोई उल्लेख नहीं है और न ही ऐसा कोई बयान है, जिसमें दावा किया गया हो कि यह कारगर रहा। ये सभी विवरण पूरी तरह से मनगढ़ंत हैं और कांग्रेस “आक्रोश उत्पन्न करने” के लिए इन्हें फैला रही है।

अमित मालवीय की मानें तो मोदी का 2017 में इज़राइल का दौरा रक्षा, प्रौद्योगिकी और व्यापार पर केंद्रित एक ऐतिहासिक कूटनीतिक दौरा था, जिसमें राजकीय यात्राओं के तरह के सामान्य सांस्कृतिक सत्कार शामिल थे, न कि कोई ‘कल्पित एपस्टीन-से जुड़ी योजना।’

गौरतलब है कि अमेरिका के न्याय विभाग ने शुक्रवार 30 जनवरी को अरबपति वित्त कारोबारी रहे जेफरी एपस्टीन से जुड़े कई और दस्तावेज सार्वजनिक किए थे।

​सुप्रिया एक्स पर पोस्ट किये गये अपने वीडियो में कहती हैं, 'एपस्टीन का साफ कहना है कि नरेंद्र मोदी ने मुझसे सलाह ली और अमेरिकी राष्ट्रपति के किसी फायदे के लिए इजराइल में जाकर नाचे और गाए और ये काम कर गया। कुछ तारीखें सुनिएगा। प्रधानमंत्री मोदी 4 से 6 जुलाई 2017 के बीच इजराइल के दौरे पर थे और एपस्टीन ने ये मेल उसके ठीक तीन दिन बाद लिखा। इजराइल दौरे से पहले 25 से 26 जून 2017 में मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने अमेरिका गए थे। इन कड़ियों को जोड़िए तो समझ में आता है कि मोदी जून 2017 में अमेरिका गए, वहां एपस्टीन की सलाह ली और उसके एक हफ्ते बाद 4 से 6 जुलाई वो इजराइल पहुंचे, जहां पर सलाह के मुताबिक वो नाचे गाए और उनका काम हो गया।'

सुप्रिया श्रीनेत आगे कहती हैं, मतलब साफ है कि प्रधानमंत्री मोदी का जेफ्री एपस्टीन के साथ एक गहरा और शायद पुराना नाता है, जो भारत के लिए शर्मनाक है। भारत जो दुनिया में नैतिकता की, गरिमा की, प्रतिष्ठा की धुरी है, उसको आपने तार तार कर दिया और अब आप चुप नहीं रह सकते। आपको जवाब देना होगा कि जेफ्री एप्स्टीन जैसे दुष्चरित्र और घिनौने आदमी से आपका रिश्ता कैसे है? आप ऐसे आदमी से किस बात की सलाह ले रहे थे? आप अमेरिकी राष्ट्रपति के कौन से फायदे के लिए इजराइल में नाच और गा रहे थे?

बकौल सुप्रिया 'और एपस्टीन ने जो अंत में लिखा है, "इट वर्क्ड" इसका क्या मतलब है? आपको इस बात का जवाब इसलिए देना पड़ेगा, क्योंकि देश आपसे जवाब मांग रहा है। एक ऐसे व्यक्ति से आपका संबंध होना। जेफ्री एप्स्टीन आपकी बातों का खुलासा कर रहा है। ऐसे व्यक्ति से आपका रिश्ता होना, ये कैसे मुमकिन है? हम तमाशाबीन नहीं बने रह सकते। आप चुप नहीं रह सकते। आपको जवाब देना होगा। जेफ्री एपस्टीन से आपका क्या रिश्ता है? वो कौन सा काम हो गया आपका इजराइल में और आप क्यों नाचे गाए थे इजराइल जाकर?

Tags:    

Similar News