बॉलीवुड सिंगर योयो हनी सिंह पर पत्नी ने लगाया घरेलू हिंसा का आरोप, मामला कोर्ट में पहुंचा

रिपोर्ट्स में ये भी कहा जा रहा है कि शालिनी तलवार ने पति हनी सिंह के साथ-साथ उनके परिवार पर भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं..

Update: 2021-08-03 13:58 GMT

बॉलीवुड सिंगर योयो हनी सिंह पर पत्नी ने घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है (file pic)

जनज्वार। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर यो यो हनी सिंह विवादों में घिर गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बॉलीवुड और पॉप के जानेमाने गायक हनी सिंह की पत्नी शालिनी तलवार ने उन पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि शालिनी ने हनी सिंह पर मानसिक शोषण और आर्थिक शोषण के आरोपों को लेकर केस दर्ज कराया है।

खबरों के अनुसार शालिनी ने दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में 'घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम' के तहत मामला रजिस्टर करवाया है। मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया जा रहा है कि शालिनी तलवार ने पति हनी सिंह के साथ-साथ उनके परिवार पर भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

बताया जा रहा है कि कोर्ट के सामने शालिनी का पक्ष लॉ फर्म करणज्वाला एंड को. के अधिवक्ता संदीप कपूर, अपूर्व पांडे और जीजी कश्यप ने रखा। कोर्ट ने हनी सिंह को 28 अगस्त तक अपना जवाब फाइल करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा कोर्ट ने शालिनी के पक्ष में एक इंटरिम ऑर्डर भी दिया है। जिसके तहत हनी सिंह को ज्वाइंट ऑनर वाली प्रॉपर्टी बेचने से रोका गया है।

हनी स‍िंह और शाल‍िनी की शादी के 10 साल पूरे हो चुके हैं। वर्ष 2011 में द‍िल्‍ली के एक गुरुद्वारे में दोनों की शादी हुई थी। 2014 में हनी सिंह ने रियलिटी शो इंडियाज रॉकस्टार के एक एपिसोड में अपनी पत्नी को लोगों से मिलवाया था।

Tags:    

Similar News