छत्तीसगढ़ : नक्सलियों ने पुलिस जवानों की बस को IED ब्लास्ट कर उड़ाया, 5 जवान शहीद-14 घायल

खबरों के मुताबिक, जिले के कड़ेनार इलाके में धौड़ाई और पल्लेनार के बीच घना जंगल है। नक्सलियों ने यहीं पर घात लगाकर बस को निशाना बनाया और आईईडी ब्लास्ट किया है। बताया जा रहा है कि यह जवान मंदोड़ा जा रहे थे।

Update: 2021-03-23 15:23 GMT

जनज्वार डेस्क। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में मंगलवार को नक्सलियों ने डीआरजी के जवानों से भरी बस में ब्लास्ट कर दिया। इस बड़े हमले में पांच जवानों के शहीद होने की खबर है जबकि 14 जवान घायल बताए जा रहे हैं। जिस वक्त यह ब्लास्ट हुआ बस में 24 जवान सवार थे। इसकी सूचना मिलते ही बैकअप फोर्स तुरंत मौके पर रवाना किया गया। बताया जा रहा है कि सभी जवान एक ऑपरेशन में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे।


बस्तर के आईजी पी.सुंदरराज ने जानकारी दी कि नारायणपुर में नक्सल विरोधी अभियान के बाद डीआरजी फोर्स वापस लौट रही थी। उसी दौरान एक आईईडी ब्लास्ट में बस के ड्राइवर समेत 5 जवान शहीद हो गए।

इस घटना में दो जवान गंभीर रूप से घायल थे, जिसमें से एक की अस्पताल में मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल एक जवान का इलाज जारी है। घटना में 12 और जवानों को सामान्य चोट लगी है। घायल जवानों को वायुसेना के हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजा गया है।

इस हमले में जो जवान शहीद हुए हैं उनमें कसावाही गांव के जय लाल उइके, अंतागढ़ के करन देहारी, कांकेर के सेवक सलाम, बहीगांव के पवन मंडावी और नारायणपुर के विजय पटेल का नाम शामिल है।

खबरों के मुताबिक, जिले के कड़ेनार इलाके में धौड़ाई और पल्लेनार के बीच घना जंगल है। नक्सलियों ने यहीं पर घात लगाकर बस को निशाना बनाया और आईईडी ब्लास्ट किया है। बताया जा रहा है कि यह जवान मंदोड़ा जा रहे थे। यह आशंका जरूर जताई जा रही है कि शहीद जवानों की संख्या बढ़ सकती है। घटनास्थल पर अतिरिक्त रिइन्फोर्समेंट पार्टी भी भेजी गई।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नक्सली हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि राज्य में नक्सलियों का वर्चस्व कम होता जा रहा है। अब सरकार नक्सल विरोधी अभियान को और तेज करेगी। वहीं, राज्यपाल अनुसुईया उइके ने नक्सली हमले में शहीद जवानों के प्रति दुख व्यक्त किया। 

Tags:    

Similar News