Begin typing your search above and press return to search.
Up Election 2022

EVMs : अब समझ आया कि सूपड़ा साफ होने के बाद भी BJP जीतने का दंभ क्यों भर रही थी- स्वामी प्रसाद मौर्य

Janjwar Desk
9 March 2022 4:18 AM GMT
upchunav2022
x

पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाजपा पर लगाया आरोप (File Photo)

EVMs : कई जगह सपा समर्थकों ने EVM ले जाती कथित गाड़ियां भी पकड़ीं। ट्वीटर पर EVM ट्रेंड करने लगा। अब स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाजपा पर निशाना साधा है...

EVMs : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में एग्जिट पोल (Exit Polls) के नतीजे आने के बाद अब EVMs मशीनों को लेकर हंगामा जोर पकड़ रहा है। कल समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने देर शाम प्रेस-कांफ्रेंस बुलाकर मीडिया से ईवीएम मशीनों को मूव कराने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव के आरोप के बाद तमाम नेताओं ने निशाना साधना शुरू कर दिया।

अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने यहां तक कहा कि लखनऊ में बैठे प्रमुख सचिव गृह सभी जिलाधिकारियों को फोन पर कह रहे कि, 'जिन सीटों पर भाजपा हारती दिखे वहां गिनती स्लो कर दी जाए।' अखिलेश की इस पीसी के बाद हंगामा मच गया। कई जगह सपा समर्थकों ने EVM ले जाती कथित गाड़ियां भी पकड़ीं। ट्वीटर पर EVM ट्रेंड करने लगा। अब स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाजपा पर निशाना साधा है।

भाजपा से सपा में गये स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya) ने अपने ट्वीट में कहा कि, 'चोर चोरी से जाए, हेरा-फेरी से न जाए। योगी सरकार अभी भी ई.वी.एम. मशीन की हेरा-फेरी कर जनादेश पर डकैती डालना चाहती है। अब समझ में आया कि सूपड़ा साफ होने के बाद भी भाजपा, सरकार बनाने का दम्भ क्यों भर रही है। ईवीएम मशीन से भरी डीसीएम का वीडियो शिवपुर विधानसभा, वाराणसी।'

वहीं, चुनाव आयुक्त ने EVM मशीनो पर लगे आरोपों का जवाब देते हुए कहा है कि, 'मतदान में प्रयुक्त सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें स्ट्रांग रूम के अंदर सील बंद हैं तथा केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों के त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में सुरक्षित हैं। ये मशीन पूरी तरह से अलग हैं और सुरक्षित हैं और उसमें सीसीटीवी की निगरानी है। सभी राजनैतिक दलों-प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों द्वारा सीसीटीवी कवरेज के माध्यम से इन पर लगातार सीधी निगरानी की जा रही है।'

जिला निर्वाचन अधिकारी-जिला मजिस्ट्रेट वाराणसी द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी इसके संबंध में जानकारी दी गई और घटना से संबंधित तथ्यों से उपस्थित मीडिया को भी अवगत कराया गया है।

बता दें कि समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने कल मंगलवार आरोप लगाया था कि वाराणसी में मतगणना केंद्रों से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) को ले जाया जा रहा है। वहीं सोनभद्र में भी सपा कार्यकर्ताओं ने पकड़ी मतपत्र लदी दो सरकारी गाड़ी को पकड़ा था। साथ ही इसकी जानकारी अधिकारियों को भी दी थी।

Next Story