झारखंड के लोहरदगा में झाड़-फूंक के बहाने झांसे में लेकर ओझा की 3 अपराधियों ने की हत्या

अपराधी झाड़-फूंक करवाने के बहाने रात में ओझा के घर पहुंचे और फिर झांसे में साथ ले जाकर गोली मार दी। पुलिस हत्या को अंजाम देने वाले अपराधियों की तलाश कर रही है...

Update: 2021-01-15 02:54 GMT

prateekatmk photo

जनज्वार। झारखंड के लोहरदगा जिले के सदर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक 57 वर्षीया झाड़-फूंक करने वाले ओझा की गोली मार कर हत्या कर दी। गोली मारने वालों ने झाड़-फूंक कराने के बहाने इस घटना को अंजाम दिया।;

जानकारी के अनुसार, बुधवार (13-01-2021) रात भक्सो हरा टोली गांव में तीन लोग झाड़-फूंक करवाने के नाम पर ओझा के घर पहुंचे और झाड़ फूंक करवाया। फिर देर रात होने की वजह से उन्होंने ओझा को अपने घर से उनके रास्ते कुछ दूर छोड़ने को कहा। इसी दौरान अपराधियों ने बीच रास्ते ओझा को गोली मार दी जिससे उनकी मौत हो गयी।

तीन लोग बुधवार को करीब साढे आठ बजे रात झाड़-फूंक करने वाले ओझा शनिचरवा लोहरा के घर झाड़-फूंक कराने के लिए पहुंचे थे। ओझा ने उन लोगों की झाड़-फूंक करने के साथ नास्ता के साथ भी स्वागत किया।

इन सब के बीच काफी रात हो गयी और अपराधियों ने ओझा से कहा कि वे अब अपने घर को जाएंगे, इस बीच बहाने से उन्होंने यह भी कहा कि हमलोगों को रास्ते में कुछ दूर छोड़ दीजिए क्योंकि काफी रात हो चुकी है। ओझा शनिचरवा इस पर राजी हो गए। इसी क्रम में अपराधियों ने उसकी कनपटी में सटाकर गोली मार दी जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गयी।

इस संबंध में सदर थाने के प्रभारी मंटू कुमार ने जांच जारी होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि अपराध को तीन लोगों ने अंजाम दिया है जिनकी तलाश जारी है।

हत्या के तरीके से यह भी लगता है कि इस घटना को किसी निजी रंजिश की वजह से अंजाम दिया गया है।

Tags:    

Similar News