अंधविश्वास : पूजा के नाम पर महिला ठगकर ले गयी नगदी और जेवरात, पुलिस ने किया गिरफ्तार

ठग महिला ने पीड़ित परिवार को कहा कि वह पूजा पाठ कर सारा सामान लौटा देगी लेकिन वह वापस नहीं आयी तो पहले लोगों ने उसकी तलाश खुद की और उसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करायी...

Update: 2020-09-07 16:54 GMT

जनज्वार। बिहार के बक्सर जिले के एकौना गांव में अंधविश्वास के झांसे में लेकर महिलाओं से ठगी करने वाली महिला को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उसे पुलिस ने ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के महाराजगंज से गिरफ्तार किया। उसके पास से ठगी का सारा सामान भी पुलिस ने जब्त कर लिया और से कड़ाई से पूछताछ कर सच जानना चाहा।

जानकारी के अनुसार, वह महिला महाराजगंज निवासी हरेंद्र नट की पत्नी सरिता देवी है। उसने एकौना गांव के निवासी लाला यादव के घर से परिवार वालों को अंधविश्वास का झांसा देकर कपड़ा, नकदी और जेवर ठग लिए और चंपत हो गई। उसने इस सामानों की ठगी करने के दौरान कहा था कि वह अगले दिन सारा सामान लौटा देगी, पर वह नहीं आयी।

अगले दिन जब महिला नहीं आयी तो गांव वालों ने मुखिया को मामले की जानकारी दी और उसकी तलाश शुरू हुई। पर, उसका कई पता नहीं चला। इसके बाद पीड़ित परिवार ने थाने में एफआईआर करायी।

इसके बाद पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू की और उसे उसके गांव से दबोच लिया। उसके घर से सारा सामान भी बरामद कर लिया गया। इस संबंध में थानेदार राहुल कुमार ने कहा है कि महिला ने अपना जुर्म कबूला लिया है और उसके घर से सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, लोगों को अंधविश्वास के झांसे में लेकर ठगी करने के धंधे में वह संलग्न है। पहले भी वह कई परिवारों से ठगी कर चुकी है।

Tags:    

Similar News