बीमार लड़की नहीं हो रही थी ठीक तो मजार पर गयी तंत्र-मंत्र के लिए, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Update: 2020-11-06 03:23 GMT

संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने सहेलियों पर लगाया हत्या का आरोप

जनज्वार, कानपुर। शादी-बारातों में स्वागत करने का काम करने वाली एक लड़की बीमार होने पर अपनी सहेलियों के साथ झाड़-फूंक कराने गई थी। झाड़-फूंक के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार 4 नवंबर को उसकी मौत हो गई। लड़की की मौत के बाद परिजनों ने उसकी सहेलियों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का हंगामा देख पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने की बात कही है।

जानकारी के मुताबिक ढकनपुरवा निवासी 20 वर्षीय युवती चित्रा 12वीं की छात्रा थी। लड़की की रिश्ते में लगने वाली मामी ने बताया कि पिता की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। घर का खर्च चलाने के लिए वह शादी बारातों में पार्ट टाइम बारातियों के स्वागत का काम करने लगी थी। उसके साथ उसकी कुछ सहेलियां भी यही काम करती थीं।

दो दिनों से लड़की का स्वास्थ्य कुछ खराब चल रहा था। चित्रा ने प्राइवेट क्लिनिक में इलाज करवाया, पर कुछ खास आराम नहीं मिला। सहेलियों को बताने पर उसकी दो सहेलियां अपने दो पुरुष मित्रों के साथ सफेद रंग की इनोवा कार से उसके घर पहुंचीं। दोनों सहेलियां लड़की को किसी मजार पर झाड़-फूंक करवाने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गईं।

देर शाम तक जब लड़की अपने घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने सहेलियों को फोन करना शुरू किया। दोनों में से एक सहेली ने तबियत जादा बिगड़ने पर उसे अपने घर ले जाने की बात कही, जिसके बाद लड़की के दो भाई हर्षित और अनुज उसे लड़की के घर से लेने पहुंचे। बहन को सहेली के घर से लाकर अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन लड़की ने रास्ते मे ही दम तोड़ दिया।

एसएचओ जनार्दन सिंह ने बताया कि परिजनों ने घटना के बाद सहेलियों पर हत्या का आरोप लगाया है। दोनों को हिरासत में ले लिया गया है, पूछताछ चल रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आने के बाद उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News