Petrol Ka Dam, Petrol Diesel Price: हर दिन बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दाम, कांग्रेस का आरोप जनता को 'कष्ट' देने का रिकॉर्ड बना रही मोदी सरकार

Petrol Ka Dam, Petrol Diesel Price: मोदी सरकार में मंहगाई हर दिन अपना ही रिकार्ड तोड़ने में लगी है। इसमें भी वाहन ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला आम आदमी की जिंदगी को तबाह करने में लगा है।

Update: 2021-10-24 19:08 GMT

Petrol-Petrol, Diesel Price Today: पेट्रोल डीजल के दामों में 10 दिनों में 9 बार हुई बढ़ोतरी, जानिए कितना महंगा हुआ ईंधन

Petrol Ka Dam, Petrol Diesel Price: मोदी सरकार में मंहगाई हर दिन अपना ही रिकार्ड तोड़ने में लगी है। इसमें भी वाहन ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला आम आदमी की जिंदगी को तबाह करने में लगा है। पेट्रोल-डीजल के दाम हर दिन आमतौर पर 35-35 पैसे प्रति लीटर बढ़ रहे हैं। इसका असर 25 अक्टूबर दिन सोमवार को भी देखने को मिला। इस बीच कांग्रेस पार्टी ने बढ़ती महंगाई पर सरकार को घेरते हुए कहा कि मोदी सरकार जनता को कष्ट देने के मामले में रिकार्ड बनाने में लगी है।

जानकारों का मानना है कि मई, 2020 की शुरुआत से यानी 18 महीने से कम समय में पेट्रोल 36 रुपये लीटर महंगा हो चुका है। इस दौरान डीजल कीमतों में करीब 27 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के अनुसार, दिल्ली में अब एक लीटर पेट्रोल की कीमत 107.59 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल 96.32 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।

उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम बढ़ रहे हैं जिसका असर यहां भी दिख रहा है। देश के सभी प्रमुख शहरों में पेट्रोल शतक के पार जा चुका है। वहीं एक दर्जन से अधिक राज्यों में डीजल 100 रुपये प्रति लीटर से अधिक बिक रहा है।

भारतीय बाजार में अक्टूबर में वाहन ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतिदिन पेट्रोल और डीजल के भाव में 35 पैसे प्रति लीटर का इजाफा होने के साथ कीमतें नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही हैं। पेट्रोलियम विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) के लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल 107.59 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल 96.32 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। मुंबई में पेट्रोल 113.46 रुपये प्रति लीटर और डीजल अब 104.38 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

महानगरों में पट्रोल-डीजल का आज का भाव

शहर का नाम पेट्रोल डीजल

  • दिल्ली 107.59 96.32
  • मुंबई 113.46 104.38
  • कोलकाता 108.11 99.43
  • चेन्नई 104.52 100.59

उधर हाल यह है कि मध्य प्रदेश का सीमावर्ती जिला अनूपपुर ईंधन की कीमतों में वृद्धि से बुरी तरह प्रभावित है। अनूपपुर जिले में पेट्रोल की कीमत 119 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 108 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई। वहीं, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में पेट्रोल 118 रुपये तथा डीजल 107 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुका है। कांग्रेस ईंधन की कीमतों में महंगाई के मुद्दे को लेकर बीजेपी सरकार को लगातार घेर रही है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार को वाहन ईंधन पर शुल्क एवं टैक्स में कटौती करनी चाहिए। देश के सभी राज्यों में पेट्रोल की कीमत शतक पार पहुंच चुकी है। वहीं, अब अन्य महानगरों की तरह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी डीजल 100 के आंकड़े की तरफ बढ़ रहा है।

85 डॉलर के पार निकला कच्चा तेल

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।ब्रेंट क्रूड का भाव 85 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। इससे पहले साल 2018 में कच्चा तेल 85 डॉलर के पार निकला था। ये 3 साल में कच्चे तेल का उच्चतम स्तर है। ऐसे में माना जा रहा है कि पेट्रोल-डीजल के दामों में अभी बढ़ोतरी होने का सिलसिला जारी रहेगा।

हाल यह है कि सरकार द्वारा पांच मई, 2020 को उत्पाद शुल्क को रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ाने के बाद से पेट्रोल 36.33 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है। इस दौरान डीजल कीमतों में 26.93 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम 19 डॉलर प्रति बैरल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आने के बाद सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क बढ़ा दिया था। उसके बाद से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम सुधरकर 85 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गए हैं, लेकिन पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क 32.9 रुपये प्रति लीटर पर कायम है। इसी तरह डीजल पर भी उत्पाद शुल्क 31.8 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है।

"उत्पाद शुल्क में कटौती 'अपने पैर पर कुल्हाड़ी' मारने जैसा "

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि वाहन ईंधन पर उत्पाद शुल्क कटौती 'अपने पैर पर कुल्हाड़ी' मारने के समान होगी। उन्होंने कहा था कि इस तरह के शुल्कों से सरकार मुफ्त कोविड-19 टीकाकरण, अनाज और रसोई गैस वितरण जैसी योजनाएं चला रही है। इससे महामारी के दौरान लाखों लोगों को मदद मिली है। उत्पाद शुल्क कटौती पर उन्होंने कहा, ''मैं वित्त मंत्री नहीं हूं इसलिए इसका जवाब देना उचित नहीं होगा। जो 32 रुपये प्रति लीटर हम जुटा रहे हैं उससे हम कल्याण योजनाएं चला रहे हैं। इनमें एक अरब टीकाकरण भी शामिल है।''

प्रियंका गांधी ने बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र पर हमला बोला

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र पर हमला बोला और आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने जनता को 'कष्ट' देने के रिकॉर्ड बनाए हैं। कांग्रेस नेता प्रियंका ने ट्विटर पर एक मीडिया रिपोर्ट साझा की जिसमें कहा गया है कि इस वर्ष पेट्रोल की कीमतों में रिकॉर्ड 23.53 रुपये की वृद्धि हुई है।

प्रियंका ने हिंदी में ट्वीट किया, "मोदी जी की सरकार ने जनता को कष्ट देने के मामले में बड़े-बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं। सबसे ज्यादा बेरोजगारी: मोदी सरकार में, सरकारी संपत्तियां बिक रहीं: मोदी सरकार में, पेट्रोल की कीमतें एक साल में सबसे ज्यादा बढ़ीं: मोदी सरकार में।" कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी वही मीडिया रिपोर्ट साझा करते हुए सरकार पर हमला बोला और ट्वीट किया, "अच्छे दिन"।


दिल्ली में ऐसे बढ़ता गया पेट्रोल का दाम

  • Oct 24, 2021:107.59 ₹/L
  • Oct 23, 2021:107.24 ₹/L
  • Oct 22, 2021:106.89 ₹/L
  • Oct 21, 2021: 106.54 ₹/L
  • Oct 20, 2021:106.19 ₹/L
  • Oct 19, 2021:105.84 ₹/L
  • Oct 18, 2021:105.84 ₹/L
  • Oct 17, 2021:105.84 ₹/L
  • Oct 16, 2021:105.49 ₹/L
  • Oct 15, 2021:105.14 ₹/L

दिल्ली में ऐसे बढ़ता गया डीजल का दाम

  • Oct 24, 2021:96.32 ₹/L
  • Oct 23, 2021:95.97 ₹/L
  • Oct 22, 2021:95.62 ₹/L
  • Oct 21, 2021:95.27 ₹/L
  • Oct 20, 2021:94.92 ₹/L
  • Oct 19, 2021:94.57 ₹/L
  • Oct 18, 2021:94.57 ₹/L
  • Oct 17, 2021:94.57 ₹/L
  • Oct 16, 2021:/94.22 ₹/L
  • Oct 15, 2021:93.87 ₹/L

हर रोज अपडेट होती है पेट्रोल-डीजल की कीमत

विदेशी मुद्रा दरों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमत के आधार पर पेट्रोल और डीजल की कीमत प्रतिदिन अपडेट की जाती है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद रोज पेट्रोल और डीजल के दाम तय करती हैं। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम तेल कंपनियां हर दिन सुबह विभिन्न शहरों की पेट्रोल और डीजल की कीमतों की जानकारी अपडेट करती हैं

SMS से जानें अपने शहर में पेट्रोल-डीजल के दाम

पेट्रोल-डीजल (Petrol-Diesel) के दाम प्रतिदिन अपडेट किए जाते हैं। ऐसे में आप सिर्फ एक SMS के जरिए रोज अपने शहर में पेट्रोल-डीजल की कीमत जान सकते हैं। इसके लिए इंडियन ऑयल (IOCL) के ग्राहकों को RSP कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर भेजना होगा।

Tags:    

Similar News