Unemployment Rate : देश में ग्रामीण रोजगार घटने से अक्टूबर में 7.8% बढ़ी बेरोजगारी, 78 लाख रोजगार घटे, बेरोजगारों की संख्या बढ़कर हुई 55 लाख

Unemployment Rate : ग्रामीण इलाकों में रोजगार घटने की वजह से अक्टूबर में देश में बेरोजगारी दर बढ़कर 7.77 प्रतिशत पहुंचे गई, श्रम भागीदारी दर (एलपीआर) में मामूली गिरावट से भी बेरोजगारी दर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, सितंबर में बेरोजगारी दर चार साल के निचले स्तर 6.43 प्रतिशत रही थी...

Update: 2022-11-04 10:39 GMT

Unemployment Rate : देश में ग्रामीण रोजगार घटने से अक्टूबर में 7.8% बढ़ी बेरोजगारी, 78 लाख रोजगार घटे, बेरोजगारों की संख्या बढ़कर हुई 55 लाख

Unemployment Rate : देश में बेरोजारी दर बढ़ रही है। ग्रामीण इलाकों में रोजगार घटने की वजह से अक्टूबर में देश में बेरोजगारी दर बढ़कर 7.77 प्रतिशत पहुंचे गई। इसके अलावा, श्रम भागीदारी दर (एलपीआर) में मामूली गिरावट से भी बेरोजगारी दर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सितंबर में बेरोजगारी दर चार साल के निचले स्तर 6.43 प्रतिशत रही थी।

अक्टूबर में बेरोजगारी दर 5.84 से 8.04% पहुंची

सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकनॉमी (सीएमआईई) के आंकड़ों के अनुसार ग्रामीण इलाकों में बेरोजगारी दर सितंबर के 5.84 फीसदी से बढ़कर अक्टूबर में 8.04 फीसदी पर पहुंच गई। हालांकि इस दौरान शहरी बेरोजगारी में कमी आई है। अक्टूबर में शहरी इलाकों में बेरोजगारी दर 7.21 फीसदी रही, जो सितंबर में 7.7 फीसदी रही थी।

एलपीआर में लगातार गिरावट चिंता का विषय

वहीं, एलपीआर भी सितंबर के 39.3 फीसदी से कम होकर 39 फीसदी रह गई। एक साल पहले यह दर 37.3 फीसदी रही थी। सीएमआईई ने कहा कि एलपीआर में लगातार गिरावट गंभीर चिंता का विषय है। इससे पता चलता है कि छोटी संख्या में ही कामकाजी उम्र की आबादी रोजगार के लिए तैयार है।

78 लाख रोजगार घटे, 55 लाख बढ़े बेरोजगार

सीएमआईई ने कहा है कि उच्च बेरोजगारी दर के साथ एलपीआर में गिरावट का मतलब है कि रोजगार घट रहा है। देश में अक्तूबर में रोजगार मिलने की दर कम होकर 36% रह गई। इस दौरान कर्मचारियों की संख्या 78 लाख घटकर 39.64 करोड़ रह गई। सितंबर में इनकी संख्या 40.42 करोड़ रही थी। बता दें कि बेरोजगारों की संख्या 56 लाख बढ़ गई। आकड़ों के अनुसार 22 लाख लोग श्रम बाजार से बाहर हो गए। इससे देश में श्रमबल की संख्या सितंबर के 43.2 करोड़ से घटकर 42.98 करोड़ रह गई।

अक्टूबर में कृषि कामगारों की संख्या सबसे कम

सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकनॉमी के आंकड़ों के अनुसार कृषि क्षेत्र में काम करने वालों की संख्या नवंबर, 2021 में 16.4 करोड़ थी। इसके बाद से इसमें लगातार गिरावट आती गई और इस साल सितंबर में यह संख्या घटकर 13.4 करोड़ रह गई। हालांकि सुधार के साथ अक्टूबर में कृषि क्षेत्र में रोजगार की संख्या बढ़कर 13.96 करोड़ पहुंच गई। इसके बावजूद पिछले चार साल में अक्टूबर में कृषि कामगारों की सबसे कम संख्या है।

सेवा क्षेत्र में 79 लाख रोजगार घटे

जानकारी के लिए आपको बता दें कि इस दौरान सेवा क्षेत्र में 79 लाख रोजगार घटे। इसमें ग्रामीण इलाकों की 46 लाख और शहरी क्षेत्र की 33 लाख हिस्सेदारी रही। वहीं औद्योगिक क्षेत्र में कामगारों की संख्या में 53 लाख की कमी आई है। निर्माण उद्योग में 10 लाख की गिरावट रही।

Tags:    

Similar News