STF और SSB के साथ मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए, जंगल में पूरी रात चला इनकाउंटर

बिहार के बगहा पुलिस जिला के हरनाटांड़ स्थित बाल्मीकि टाइगर रिजर्व के दुर्गम जंगलों में मुठभेड़ की यह घटना हुई है।

Update: 2020-07-10 05:43 GMT

            Photo:social media

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार के बगहा के हरनाटांड़ स्थित बाल्मीकि रिजर्व के जंगलों में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चार नक्सलियों को मार गिराया है। STF और SSB द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई में ये नक्सली मारे गए हैं। कई घँटों के ऑपरेशन के बाद पुलिस को यह कामयाबी मिली है। दो पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर है।

मिली जानकारी के अनुसार, हरनाटांड़ के बाल्मीकिनगर रिजर्व के घने जंगलों में नक्सलियों के छुपे होने की सूचना STF को मिली थी। उसके बाद STF और SSB ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की।

बताया जाता है कि नक्सलियों के छुपे होने की खबर मिलने के बाद कौंबिंग ऑपरेशन चलाया गया। इसी दौरान हुए मुठभेड़ में चारों नक्सली मारे गए हैं। उनके पास से चार अत्याधुनिक हथियार भी बरामद किए गए हैं।

अबतक प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्सलियों के छुपे होने की सूचना पर दो दिनों से यह कौंबिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा था। मृत नक्सलियों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। इलाका काफी दुर्गम होने और बारिश का फायदा उठाकर कुछ नक्सलियों के भाग जाने की भी खबर है।

SSB के आईजी संजय कुमार ने मीडिया को बताया 'मुठभेड़ में SSB के एक Inspector घायल हो गए हैं। AK56 सहित ऑटोमेटिक रायफल भी बरामद किया गया है।'

Similar News