बिहार: अपनी ही पत्नी और 5 बच्चों को कुल्हाड़ी से काट डाला, 3 बेटों और 1 बेटी की मौत

सनकी पति ने अपनी पत्नी और पांच बच्चों को सोए अवस्था में कुल्हाड़ी से काट डाला, घटना में उसके चार बच्चों की मौत हो गई है, मरने वालों में तीन बेटे और एक बेटी शामिल हैं....

Update: 2020-12-01 05:11 GMT

Photo:social media

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार के सीवान जिला में एक पति ने अपने ही परिवार के 4 लोगों की नृशंस हत्या कर दी। इस सनकी पति ने 2 बेटी, 3 बेटे और पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला। घटना को अंजाम देने के बाद वह अजीब-अजीब तरह की बातें कर रहा है। मीडिया से उसने कहा कि उसके अंदर ऊपरी हवा प्रवेश कर गया था। घटना के बाद गांव में कोहराम मचा है।

घटना सीवान जिला के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बलहां अंलिमर्दनपुर गांव की है। यहां सोमवार की देर रात एक सनकी पति ने अपनी पत्नी और पांच बच्चों को सोए अवस्था में कुल्हाड़ी से काट डाला। इस घटना में उसके चार बच्चों की मौत हो गई है। मरने वालों में तीन बेटे और एक बेटी शामिल हैं।

बताया जाता है कि घटना में उसके दो बेटों और एक बेटी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं जख्मी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को पटना रेफर कर दिया गया है। इस बीच इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही घायल एक बेटे की भी मौत हो गई है।

अबतक प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित ने स्वयं भी जहर खाकर खुदकुशी की कोशिश की। हालांकि पुलिस उसे हिरासत में लेकर इलाज करा रही है। घटनास्थल पर आसपास के गांव के लोगों की भारी भीड़ लगी हुई है।

आरोपित बलहा गांव का रहने अवधेश चौधरी बताया जाता है। वहीं मृतकों में उसकी 17 वर्षीया पुत्री ज्योति कुमारी,15 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार, 12 वर्षीय नीतीश कुमार उर्फ भोला तथा 7 वर्षीय मुकेश शामिल हैं। पत्नी रीता देवी और पुत्री अंजली कुमारी को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्‍पताल भेजा गया है।

इधर आरोपित अवधेश चौधरी ने पुलिस को कई अजीब तरह की बातें बताई हैं, जिससे पता चलता है कि उसका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं है। आरोपित ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह टहलने गया था, तभी उसके शरीर में हवा प्रवेश कर गई और उसके बाद लगा कि सामने जो व्यक्ति आएगा उसे मार देना है। तबतक बच्चे और पत्नी सामने आए और उन्हें मारता चला गया।

अवधेश ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद वह थाना की ओर गया। इसी बीच रास्‍ते में उसे पुलिस गश्ती दल मिल गया। पुलिस ने रोका तो उसने घटना की जानकारी दी। उसकी बातें सुनकर पुलिस भी दंग रह गई। उसके घर पहुंचने पर पुलिस वालों ने देखा कि वहां चार लोगों के शव खून से लथपथ पड़े हैं। उसकी पत्‍नी और एक बेटे की सांस अभी चल रही थी। फिर उन्हें सिवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आगे छानबीन कर रही है।

Tags:    

Similar News