बालिका गृह कांड पर बोले तेजस्वी यादव- मूंछ, तोंद वाले आरोपी अभी तक नहीं पकड़े गए, इन्हें प्राप्त है CM नीतीश का संरक्षण

Bihar News: आरजेडी नेता तेजस्वी यादव (Tejasvi Yadav) ने नीतीश पर हमला बोला है बता दें कि बिहार में मुजफ्फरपुर कांड के बाद अब गायघाट बालिका संरक्षण गृह को लेकर विवाद गहरा रहा है...

Update: 2022-02-03 13:09 GMT

(बालिका गृह कांड पर तेजस्वी ने साधा नीतीश कुमार पर निशाना)

Bihar News: बिहार में बालिका गृह कांड को लेकर हंगामा मचा हुआ है। अब इस मामले में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव (Tejasvi Yadav) ने नीतीश पर हमला बोला है। बता दें कि बिहार में मुजफ्फरपुर कांड के बाद अब गायघाट बालिका संरक्षण गृह को लेकर विवाद गहरा रहा है।

इस बीच तेजस्वी यादव का एक बयान सामने आया है, जिसमें उन्होने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को घेरते हुए कहा, हम शुरू से ही लड़ाई लड़ रहे हैं। अब फिर इस तरह की घटना 2 दिन पहले हुई, ये काफी निंदनीय है। बालिका गृह कांड के मूंछ वाले, तोंद वाले आरोपी अभी तक नहीं पकड़े गए, इन लोगों को नीतीश कुमार का संरक्षण प्राप्त है। 

क्या है पटना शेल्टर होम सेक्स कांड?

बिहार के चर्चित मुजफ्फरपुर आश्रय गृह कांड की तर्ज पर अब पटना के गायघाट उत्तर रक्षा गृह से जुड़ा यौन उत्पीड़न का नया मामला सामने आया है। यह मामला सामने आने के बाद से बिहार की राजनीति में सियासी बवाल मच गया है। गायघाट आश्रय गृह की एक पीड़ित लड़की का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इसमें वह इस आश्रय गृह से लड़कियों की सप्लाई का आरोप लगा रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले को लेकर जन अधिकारी पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव ने कोर्ट जाने की चेतावनी दी। पटना गायघाट स्थित उत्तर रक्षा गृह से निकल भागी एक लड़की ने आश्रय गृह की अधीक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित लड़की का कहना है कि यहां रह रही लड़कियों को नशे का इंजेक्शन देकर अनैतिक कार्यों में धकेला जाता है।

पीड़िता आगे कह रही है कि, जो लड़की इसमें साथ नहीं देती उसे प्रताड़ित किया जाता है और खाना तक नहीं दिया जाता है। इस लड़की को लेकर एक संस्था के कुछ लोग पुलिस थाने पहुंचे। पटना के महिला थाना में लड़की की शिकायत की गई है। हालांकि मामले में अभी केस दर्ज नहीं किया गया है।

Tags:    

Similar News