बिहार: मजदूरी से इंकार करने पर दबंगों ने दलितों पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, पहले से चल रहा था भूमि विवाद

यह आरोप भी सामने आ रहा है कि पूर्व से दबंगों और दलितों के बीच चल रहे भूमि विवाद को लेकर मजदूरी किए जाने से इनकार करने के कारण यह घटना हुई है...

Update: 2020-11-22 12:44 GMT

Photo: social media

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार के गोपालगंज जिला में पूर्व के जमीनी विवाद को लेकर मजदूरी करने से इनकार करने के कारण तड़ातड़ फायरिंग की गई है। दबंगों द्वारा दलितों के ऊपर लगभग दर्जन भर राउंड से ज्यादा फायरिंग किए जाने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में झड़प के दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई है।

घटना को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। कहा जा रहा है कि जमीन पर कब्जा करने की कोशिश में अंधाधुंध फायरिंग की गई। यह आरोप भी सामने आ रहा है कि पूर्व के दबंगों और दलितों के बीच चल रहे भूमि विवाद को लेकर मजदूरी किए जाने से इनकार करने के कारण यह घटना हुई है।

घटना गोपालगंज जिला के भोरे थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव की है। रविवार को दोपहर बाद की गई दबंगों की इस फायरिंग में दूसरे पक्ष के 8 दलित घायल हो गए हैं। दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है।

घटनास्थल पर एसडीओ अमरेंद्र पाल और एसडीपीओ नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में आठ थानों की पुलिस पहुंची हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायल दलित समुदाय से हैं।

बताया जा रहा है कि जगदीश पुर के दलित समुदाय के लोगों का गांव के ही दबंगों के साथ पहले से जमीन का विवाद चल रहा था। इस विवाद के कारण गांव के दलित लोगों ने दबंगों के पास मजदूरी करना बंद कर दिया था। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार पहले भी कहासुनी हो चुकी थी। आरोप के मुताबिक रविवार को गांव के एक दर्जन से ज्यादा दबंग दलित बस्ती पहुंच गए, वहां विवाद के बाद दबंगों की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गयी।

फायरिंग में दो महिलाओं चंदा देवी व आशा देवी सहित सूरत राम, अलगू राम, झगरू राम, श्रवन कुमार और राजीव राम आदि 8 लोग घायल हो गए हैं। आलाधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं और मामले की छानबीन की जा रही है।

Tags:    

Similar News