बिहार: मुंगेर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान भारी बवाल, पुलिस-पब्लिक भिड़ंत में एक की मौत, कई अन्य घायल

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई है, जबकि लगभग आधा दर्जन अन्य लोग घायल हो गए हैं, मृतक के परिजन पुलिस फायरिंग में युवक की मौत के आरोप लगा रहे हैं....

Update: 2020-10-27 04:50 GMT

Photo:social media

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार में पहले चरण के मतदान के एक दिन पहले मुंगेर जिले में बड़ा बवाल हो गया है। यहां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस और लोगों के बीच झड़प में एक युवक की मौत हो गई है, वहीं आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जाते हैं। कई पुलिसकर्मी भी जख्मी बताए जा रहे हैं। घटना सोमवार की रात्रि आधी रात के बाद की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, घायलों का इलाज मुंगेर के सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई है, जबकि लगभग आधा दर्जन अन्य लोग घायल हो गए हैं। मृतक लोहापट्टी बेकापुर निवासी अनुराग कुमार पोद्दार बताया जाता है। मृतक के परिजन पुलिस फायरिंग में युवक की मौत के आरोप लगा रहे हैं।

घटना के बारे में स्थानीय लोगों का कहना है कि सोमवार की आधी रात मुंगेर के शादीपुर में बड़ी दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान पुलिस ने लोगों पर बल प्रयोग किया। इसके बाद भीड़ उग्र हो गई और पुलिस तथा लोगों के बीच टकराव हो गया।

इस दौरान हुई फायरिंग में एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी है। जबकि गोली लगने से कई लोग घायल बताए जाते हैं। घायलों का इलाज स्थानीय सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि कुछ लोगों ने जानबूझकर पथराव किया और फायरिंग की।

उल्लेखनीय है कि कल ही मुंगेर में चुनाव होना है इससे पहले इस तरह की हुई घटना से कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि पुलिस ने कहा था कि 26 की शाम तक हर हाल में विसर्जन हो जाए। इसी दौरान पुलिस ने शंकरपुर की प्रतिमा को बीच शहर विसर्जन करने के लिए कहा, जिस पर लोग भड़क गए और इसी दौरान गोली चल गई।

उधर मुंगेर के डीएम राजेश मीणा और और एसपी लिपि सिंह ने इस घटना को लेकर दे दो अलग-अलग वीडियो जारी किए हैं। एसपी लिपि सिंह ने कहा है कि विसर्जन के दौरान असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस घटना में करीब 20 सुरक्षा बल के जवान घायल हो गए, एक एसएचओ स्तर के अधिकारी का सिर फट गया।

एसपी ने बताया है कि पथराव के बाद असामाजिक तत्वों ने गोलीबारी की, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। डीएम राजेश मीणा ने बताया कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है उन्होंने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने बताया है कि सभी मूर्तियों का विसर्जन हो गया है।

Tags:    

Similar News