कोरोना के कारण बीजेपी के विधान पार्षद की मौत, बिहार में संक्रमितों का आंकड़ा 28 हजार पार

बिहार में कोरोना पॉजिटिव किसी बड़े राजनेता की मौत का यह पहला मामला है। कोरोना से अबतक कई विधायक, मंत्री, डॉक्टर और अधिकारी संक्रमित हो चुके हैं।

Update: 2020-07-22 03:27 GMT

प्रतीकात्मक तस्वीर

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। अबतक कई राजनेता, डॉक्टर और अधिकारी भी संक्रमित हो चुके हैं। इस बीच बीजेपी के विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह की मौत हो गई है, वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

सुनील कुमार सिंह बिहार के दरभंगा स्थानीय निकाय से बीजेपी के विधान पार्षद थे। यह कोरोना की वजह से बिहार में किसी बड़े राजनेता की मौत का पहला मामला है। लगभग 65 वर्षीय सुनील कोरोना पॉजिटिव थे और पटना के एम्स में उनका इलाज चल रहा था। वे बीपी और शुगर की बीमारी से भी ग्रसित थे और उनकी स्थिति काफी क्रिटिकल थी। 9 दिन पहले वे 13 जुलाई को वे एम्स में एडमिट हुए थे और उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। 21 जून मंगलवार की देर रात्रि उन्होंने अंतिम सांस ली। हालांकि उनकी मौत का तात्कालिक कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उनके निधन पर शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है 'सुनील कुमार सिंह ने अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों में आदर और सम्मान प्राप्त किया। सामाजिक कार्यों में उनकी विशेष अभिरुचि थी। उनके निधन से राजनैतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।'

बिहार में कोरोना मरीजों की संख्या 28 हजार पार कर गई है। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 21 जुलाई तक बिहार में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 28564 थी, इनमें से 18741 मरीज ठीक हो चुके हैं। 198 संक्रमितों की मौत हो गई है। अभी ऐक्टिव पॉजिटिव मरीजों की संख्या 9624 है। पिछले 24 घँटे में 10303 लोगों की कोरोना जांच की गई है। राज्य में अबतक 398929 लोगों की कोरोना जांच की गई है। मरीजों की रिकवरी रेट 65.63 प्रतिशत है।

राज्य में हालिया दिनों में कोरोना मरीजों का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है। विगत लगभग एक सप्ताह से प्रतिदिन एक हजार से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। इस बीच एक केंद्रीय टीम भी बिहार दौरे पर आ चुकी है।

Tags:    

Similar News